रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत निकाली गई जागरूकता रैली

अलीगढ़। आजादी का अमृत महोत्सव अंतर्गत 13 से 15 अगस्त तक आयोजित ’’हर घर तिरंगा’’ अभियान के तहत जनसामान्य को राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से एक भव्य रैली का आयोजन किया गया। इस रैली को जिला विद्यालय निरीक्षक पूरन सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं भाग लेकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं देशप्रेम का संदेश दे रहे थे। बच्चों के हाथों में देशभक्ति से ओत-प्रोत स्लोगन लिखी तख्तियां और तिरंगे झंडे थे, जो जनमानस को राष्ट्रध्वज के सम्मान और गर्व की भावना से जोड़ने का सशक्त माध्यम बने।

रैली के दौरान ’’वंदे मातरम’’, ’’भारत माता की जय’’, ’’हर घर तिरंगा-हर दिल तिरंगा’’ जैसे नारों से गगन गूंजायमान हो उठा। बच्चों के उत्साह और राष्ट्र के प्रति समर्पण ने उपस्थित जनसमुदाय को भी गहराई से प्रभावित किया। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि भारत के गौरवशाली इतिहास, लोकतांत्रिक परंपराओं और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। हमें तिरंगे का सम्मान करते हुए देशहित में योगदान देना चाहिए। रैली सुभाष चौक से आरंभ होकर कल्याण सिंह हैबिटेट सेंटर पर समाप्त हुई। नागरिकों से 13 से 15 अगस्त तक अपने-अपने घरों पर तिरंगा झंडा लगाने की अपील की गई। यह आयोजन जनजागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा, जिसने आमजन में राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध और गर्व की भावना को और प्रगाढ़ किया। इस अवसर पर एडीआईओएस राजकिशोर, प्रधानाचार्य नौरंगीलाल राजकीय इंटर कॉलेज शीलेन्द्र सिंह समेत अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!