मंगलायतन विश्वविद्यालय में भक्तिभाव से हुआ दशलक्षण महापर्व का शुभारंभ
मंगलायतन विश्वविद्यालय में भक्तिभाव से हुआ दशलक्षण महापर्व का शुभारंभ
अलीगढ़। मंगलायतन विश्वविद्यालय परिसर स्थित जिन मंदिर में दस दिवसीय दशलक्षण महापर्व का शुभारंभ हुआ। प्रथम दिन उत्तम क्षमा धर्म की आराधना की गई। शुभारंभ प्रभु श्री जिनेंद्र देव के मंगल अभिषेक एवं शांति धारा के साथ हुआ। विश्वविद्यालय परिसर जैन भजनों, मंत्रोच्चार एवं जयकारों से गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने एकचित्त होकर उत्तम क्षमा धर्म की विशेष पूजा-अर्चना की तथा दशलक्षण विधान संपन्न कर आत्म-शुद्धि व पुण्य लाभ प्राप्त किया।
कुलपति प्रो. पीके दशोरा, कुलसचिव कमांडर मनोज के., परीक्षा नियंत्रक प्रो. दिनेश शर्मा ने दशलक्षण महापर्व की शुभकामनाएं प्रेषित की। आयोजन मयंक जैन के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। संध्या कालीन सत्र में सिंघई नमन, सम्यक जैन, आर्जव जैन के संयोजन में जैन धर्म व संस्कृति पर आधारित ज्ञानवर्धक प्रतियोगिता ज्ञान का मेला का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने भक्ति-आरती, आध्यात्मिक प्रश्नोत्तरी और सरप्राइज राउंड के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में आदित्य, निवेश, अमन जैन, शुभम जैन का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर छात्र समन्वयक अर्पित जैन, आगम जैन, आर्यन जैन, अंशिका जैन, सृष्टि जैन उपस्थित रहे।