रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

करियर डेवलपमेंट एवं अवेयरनेस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र

अलीगढ़। मंगलायतन विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के तत्वावधान में ‘करियर डेवलपमेंट एंड अवेयरनेस प्रोग्राम’ के अंतर्गत विशेष करियर काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया गया। इस ज्ञानवर्धक कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के 108 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर भविष्य की संभावनाओं और करियर नियोजन की बारीकियों को समझा।

कार्यक्रम में जीएपीएल ग्रुप के विशेषज्ञ वक्ताओं के रूप में गौरव सिंह, कुलदीप, अमन और गुरु शरण उपस्थित रहे। मुख्य वक्ता गुरु शरण ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए करियर विकास, भविष्य की योजना और स्पष्ट व्यावसायिक लक्ष्य निर्धारित करने के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचियों, क्षमताओं और ताकत की पहचान कर सही करियर विकल्प चुनने के लिए प्रेरित किया।

सत्र के दौरान निरंतर सीखने की प्रवृत्ति, कौशल विकास, आत्मविश्वास और भविष्य के अवसरों के लिए सदैव तैयार रहने पर विशेष बल दिया गया। ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के डायरेक्टर डा. लव मित्तल ने विद्यार्थियों को अपने करियर के प्रति स्पष्ट दृष्टिकोण विकसित करने और सफल व्यावसायिक भविष्य के निर्माण हेतु सक्रिय कदम उठाने का मार्गदर्शन दिया। प्लेसमेंट अधिकारी डा. विपिन कुमार ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में करियर के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें शैक्षणिक एवं व्यावसायिक प्रगति के लिए बेहतर निर्णय लेने में सक्षम बनाना रहा। कोऑर्डिनेटर राहुल शर्मा ने आभार व्यक्त किया।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!