विद्यार्थियों ने नवरंग में बिखेरी नृत्य, संगीत की अद्भुत छटा
अलीगढ़। खैर रोड स्थित राइजिंग स्टार कान्वेंट स्कूल में वार्षिकोत्सव नवरंग का आयोजन धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने कला, नृत्य व संगीत की अद्भुत छटा बिखेरी। इस दौरान विभिन्न राज्यों की संस्कृति के दर्शन एक मंच पर नजर आए तो दर्शक अभिभूत हो गए। नन्ने मुन्नों की शानदार प्रस्तुतियों को देख दर्शक मंत्रमुग्ध होकर झूमते नजर आए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. राकेश कुमार सिंह ने किया। इस दौरान जिला खेल अधिकारी सुशील शर्मा भी उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यार्थियों को विचारशील, ज्ञानवान एवं चरित्रवान बनने की प्रेरणा दी। उन्होंने कई उदाहरण देते हुए जीवन में सफलता प्राप्त करने के मंत्र भी बताए। वहीं खेल अधिकारी ने विद्यार्थी जीवन में खेलों के महत्व को रेखांकित करते हुए खेल को शारीरिक व मानसिक विकास के लिए आवश्यक बताया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देते हुए विद्यार्थियों ने पन्नाधाय के बलिदान पर नाट्य प्रस्तुति दी। इंटरनेट मीडिया के दुष्प्रभावों पर व्यंग्य करते हुए लोगों को रील से हटकर रीयल जीवन जीने के लिए प्रेरित किया। वहीं सुरमयी प्रस्तुतियों ने मन के तारों को झंकृत किया तो भाव नृत्य ने दर्शकों के हृदय को आलोकित कर दिया। डायरेक्ट प्रो. सौरभ कुमार सिंह ने कार्यक्रम की सफलता पर बधाई देते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। कार्यक्रम प्रधानाचार्या कल्पना सिंह, ज्वाइंट डायरेक्टर एकेडमिक अलका सिंह व उप प्रधानाचार्या आरती बजाज के नेतृत्व में संपन्न हुआ। संचालन चिंकी तोमर व बुलबुल ने संयुक्त रूप से किया। विद्यालय की मुख्य ट्रस्टी मृदुला सिंह, सचिव डा. शरद कुमार सिंह, प्रबंधन समिति के अशोक कुमार सिंह ने विद्यार्थियों का उत्साह बर्धनकिया।