रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

मंगलायतन विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर किया सामूहिक योगाभ्यास

अलीगढ़। मंगलायतन विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाइयों 5 एवं 6 तथा 8 यूपी बटालियन एनसीसी के संयुक्त तत्वावधान में 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया गया। विश्वविद्यालय परिसर स्थित कीर्ति स्तंभ प्रांगण में आयोजित योग शिविर में एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवकों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों सहित कुल 650 लोगों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

प्रातः छह बजे शुरू हुए कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. पीके दशोरा ने किया। उन्होंने बताया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित और सकारात्मक दिशा देने वाली प्राचीन भारतीय जीवन पद्धति है। उन्होंने विद्यार्थियों और उपस्थित जनों को जीवन में स्टे हेल्दी, स्टे हैप्पी, स्टे बिजी (स्वस्थ रहें, प्रसन्न रहें, व्यस्त रहें) का मूल मंत्र अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि योग के नियमित अभ्यास से व्यक्ति शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से शांत और आत्मिक रूप से सशक्त बनता है।

योग शिविर के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासनों, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। प्रशिक्षकों ने योग के वैज्ञानिक महत्व और दैनिक जीवन में इसकी उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला। योगाभ्यास के दौरान पूरे परिसर में अनुशासन, उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम को सफल बनाने में एनएसएस इकाई-5 के कार्यक्रम अधिकारी रामगोपाल सिंह तथा इकाई-6 की कार्यक्रम अधिकारी भावना राज की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दोनों अधिकारियों ने स्वयंसेवकों के सहयोग से शिविर की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किया। इस अवसर पर कुलसचिव कमांडर मनोज के. (सेवानिवृत्त), डिप्टी रजिस्ट्रार डा. जितेंद्र यादव, चीफ वार्डन लक्ष्मण सिंह सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों ने नियमित योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!