रोटी बैंक ने जरूरतमंद बच्चों के साथ बांटी होली की खुशियां
-गुलाल व चांट पकौड़ी का आनंद उठाते हुए जमकर झूमे बच्चे
होली खुशियां बांटने का त्यौहार है। होली का असली आनंद भी दूसरों के साथ खुशियां बांटकर ही मिलता है। यदि ये खुशियां जरूरतमंदों के साथ बांटी जाए तो आनंद को और दुगना कर देती है। रविवार को रंगोत्सव की खुशियां बांटने निकली रोटी बैंक श्री मुरली वाला युवा सेवा समिति की टीम ने झुग्गी झोपड़ियों में रहने वाले बच्चों के मध्य जाकर होली की खुशियां बांटी। बच्चों को जब खाने को चांट पकौड़ी व खेलने के लिए रंग गुलाल मिला तो उनकी खुशियां का आनंद दोगुना हो गया। होली के गीतों की मस्ती में बच्चे गुलाल उड़ाते हुए नाचने लगे। उन्होंने एक दूसरे का गुलाल लगाकर होली की बधाई दी।

बृज में होली के अनेक रूप देखने को मिलते हैं।फाग शुरु होते ही द्वापर कालीन भगवान श्रीकृष्ण व राधा की होली की लीला साकार होने लगती है। बृज में हर कोई होली के रंग में रंग जाता है। ऐसे में कुछ परिवार ऐसे भी होते हैं जिनके यहां होली के रंग फीके होते हैं। इन्हीं लोगों के मध्य पहुंचकर टीम रोटी बैंक श्री मुरलीवाला युवा सेवा समिति खुशियों के रंग भरने का काम करती है।

रविवार को समिति के अध्यक्ष शिवकुमार सोनी के नेतृत्व में टीम मथुरा के माल गोदाम क्षेत्र में झुग्गी झोपड़ियों में रहने वाले परिवारों के बीच पहुंची। यहां 200 से अधिक बच्चों के साथ होली का रंगारंग उत्सव मनाया गया। टीम के सदस्यों ने जरूरतमंद परिवार के बच्चों को गुजिया, मिठाई, चॉकलेट, गुलाल के साथ ही चांटपकौड़ी का आनंद उठाने का अवसर प्रदान किया। टीम के सदस्यों ने छोटे-छोटे ग्वाल वालों के साथ गुलाल की होली खेलते हुए फाग गीतों पर जमकर नृत्य किया। सभी को होली की बधाई देते हुए बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषितकी। अभिभावकों ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए संस्था का आभार प्रकट किया। कार्यक्रम में जस्टिस फॉर चिल्ड्रन स्ट्रीट स्कूल के सतीश शर्मा के साथ ही मथुरा टीम के हरेन्द्र सोनी, विनोद चौधरी का विशेष सहयोगी रहे। इस अवसर पर यतेंद्र प्रताप सिंह, पवन हिंडोल, दिलीप पाठक, अशोक पाठक, मनोज कश्यप, देवेंद्र पाठक, पवन सोनी, धर्मवीर वर्मा आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में बेसवां के राहुल शर्मा, हेमंत शर्मा, राजस्थान के चंद्रमोहन सोनी, दादरी के कृष्णा बंसल, गमा की वंदना वर्मा, साथिनी से तनुज गर्ग, तरुण कुमार आदि का विशेष सहयोग रहा।