रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

सूनी आँखों में उम्मीद और बिन माता-पिता की बेटियों का बाबुल बना कन्यादान सुमंगल फाउंडेशन

इंसानियत के शतक की ओर बढ़ते कदम, अब तक 81 लाडलियों का बना सहारा

गभाना। समाज में सबसे मर्मस्पर्शी दृश्य वह होता है जब एक बेटी अपनी शादी की तैयारियों के बीच अपने स्वर्गवासी पिता की तस्वीर निहार कर सिसक उठती है। सबसे लाचार वह मां होती है जो दूसरों के घरों में झाड़ू-पोछा करके अपनी लाडली के हाथ पीले करने का सपना तो देखती है, लेकिन गरीबी की दीवार उसके हौसलों को कुचलने लगती है। गभाना के कन्यादान सुमंगल फाउंडेशन ने एक बार फिर समाज के इसी रिसते हुए घाव पर ममता और जिम्मेदारी का मरहम लगाया है। यह संस्था अब तक उन बेटियों के लिए पिता का साया बनकर उभरी है, जिनके पिता अब इस दुनिया में नहीं हैं। अब तक 81 ऐसी बेटियों की डोली विदा कर चुका यह फाउंडेशन सिर्फ एक संगठन नहीं बल्कि उन सभी परिवारों की दुआओं का वह अटूट केंद्र बन गया है, जहाँ मानवता साक्षात रूप में सेवा करती नजर आती है।इस बार फाउंडेशन की करुणा की छाँव थाना महुआखेड़ा के क्यामपुर की बिन माता-पिता की उस बेटी तक पहुँची है, जिसके माता-पिता दोनों का साया उठ चुका है और बन्नादेवी क्षेत्र के नगला कलार की उस बेटी तक जिसकी माँ मेहनत-मजदूरी कर स्वाभिमान की जंग लड़ रही है। आगामी 27 अप्रैल को इन दोनों घरों में बरात आनी है, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण शादी की खुशियों पर चिंता के बादल छाए हुए थे। जब इन बेटियों की बेबसी की खबर मेजर दुष्यंत सिंह और उनकी टीम को मिली तो उन्होंने इसे केवल एक मदद नहीं बल्कि अपना धर्म माना। उन्होंने संकल्प लिया कि इन बेटियों की विदाई एक लाड़ली की तरह धूमधाम से होगी। इसी वादे को निभाने के लिए मंगलवार को फाउंडेशन की सदस्य आवश्यक घरेलू सामान और आशीर्वाद लेकर इन बेटियों की दहलीज पर पहुँचे तो मानों उन बेटियों को अपने पिता की कमी का अहसास ही नहीं होने दिया।संगठन मंत्री नितिन वर्मा ने बताया कि सेवा का यह सिलसिला यहाँ थमा नहीं है। संस्था ने अब तक 81 ऐसी जरूरतमंद बेटियों का कन्यादान कर उनके घरों में खुशियों की दीपशिखा प्रज्वलित की है। सुमंगल फाउंडेशन की यह पहल आज समाज के लिए एक बड़ी सीख है कि गरीबी इंसान का इम्तिहान लेने लगती है, तब समाज का सामूहिक संकल्प ही उन बेटियों का ‘बाबुल’ बनकर खड़ा होता है। आज समूचा क्षेत्र फाउंडेशन के इस जज्बे और उनके सेवा के इस शतक की ओर बढ़ते कदमों की सराहना कर रहा है। इस दौरान टीम में लोकेंद्र कश्यप, प्रवीन शर्मा, दीपक वर्मा, अमित गोयल, सचिन सारस्वत, अजय चौधरी धर्मेंद्र ठाकुर, अमित शर्मा, हिमांशु माहेश्वरी, दुर्गेश गाेयल, मुकेश गर्ग, रवि कश्यप आदि मौजूद रहे।

error: Content is protected !!