डा. अलका सिंह की पुस्तक का हुआ विमोचन
अलीगढ़। मंगलायतन विश्वविद्यालय के फिजियोथेरेपी विभाग की सहायक प्रोफेसर डा. अलका सिंह द्वारा लिखित पुस्तक “जेरियाट्रिक रिहैबिलिटेशन एंड एजिंग: ए क्लीनिकल अप्रोच” प्रकाशित हुई है। पुस्तक का विमोचन कुलपति प्रो. पी.के. दशोरा, कुलसचिव मनोज के., परीक्षा नियंत्रक प्रो. दिनेश शर्मा तथा फिजियोथेरेपी विभाग के प्राचार्य डा. केके शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। उन्होंने लेखिका को बधाई देते हुए कहा कि बढ़ती आयु के साथ स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों और पुनर्वास की आवश्यकताओं को समझने में यह पुस्तक महत्वपूर्ण मार्गदर्शक सिद्ध होगी। फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक साहित्य का सृजन विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी है। डा. अलका सिंह ने बताया कि पुस्तक में वृद्धजनों के स्वास्थ्य प्रबंधन, पुनर्वास प्रक्रियाओं, शारीरिक क्षमताओं के संरक्षण तथा उम्र जनित समस्याओं के वैज्ञानिक समाधान को सरल और व्यावहारिक ढंग से प्रस्तुत किया गया है। यह पुस्तक फिजियोथेरेपी के विद्यार्थियों, शिक्षकों, शोधकर्ताओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े पेशेवरों के लिए एक महत्वपूर्ण संदर्भ के रूप में उपयोगी साबित होगी।