अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत
गभाना। वीरपुरा के पास अज्ञात वाहन ने पैदल जा रहे युवक को टक्कर मार दी। हादसे में घायल युवक की जेएन मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार हरदुआगंज के गांव समस्तपुर निवासी 40 वर्षीय रामबाबू पुत्र चरन सिंह पिछले कई वर्षाें से क्षेत्र के गांव महराजपुर में अपने बहनोई भोले के यहां रहकर मेहनत मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। शनिवार दोपहर को वह किसी जरूरी काम से वीरपुरा बाजार गए थे। जहां वह से पैदल घर लौट रहे थे। तभी सोमना-खैर मार्ग पर वीरपुरा के पास किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद बड़ी संख्या में राहगीर मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अलीगढ़ के जेएन मेडिकल काॅलेज में भर्ती कराया था। जानकारी पाकर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। देर रात्रि में उपचार के दौरान रामबाबू की। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। मृतक सात भाई-बहनों में सबसे बड़ा था।