खेत में संदिग्ध हालातों में पड़ा मिला किसान का शव, मचा कोहराम
खैर। कोतवाली क्षेत्र के गांव गौमत में किसान का शव संदिग्ध हालातों में पड़ा मिला। मामले में किसान के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
मिली जानकारी के अनुसार गौमत निवासी 52 वर्षीय किसान दलवीर सिंह बघेल खेतीबाड़ी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों के अनुसार रविवार की सुबह वह बुग्गी लेकर खेतों पर गए थे। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई।
परिजन किसान की तलाश करते हुए खेतों पर पहुंचे। जहां पर किसान दलवीर सिंह बेहोशी की हालत में पड़े मिले। परिजन उन्हें आनन-फानन में अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। जहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया। मामले में मृतक किसान के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। इंस्पेक्टर सुबोध कुमार ने बताया कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा। मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।