यमुना एक्सप्रेस वे पर दौड़ती कार बनी आग का गोला, कार सवारों ने कूदकर बचाई जान
खैर। थाना टप्पल क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस वे पर टोल प्लाजा के पास चलती हुई कार आग का गोला बन गई। गनीमत रही कि कार सवारों को समय रहते जानकारी हो गई। जिससे उन्होंने कूद कर अपनी जान को बचाया। वर्ना गंभीर हादसा भी हो सकता था। सूचना पर पहुंची दमकल की गाड़ी ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया, लेकिन तब तक गाड़ी पूरी तरह से जलकर राख हो गई।
मिजली जानकारी के अनुसार खेड़िया खुर्द निवासी संजय शर्मा वर्तमान में कस्बा जट्टारी में रहते हैं। संजय शर्मा सोमवार को साथी भास्कर व नागेंद्र के साथ कार से नोएडा गए थे। जहां से रात्रि में तीनों जट्टारी लौट रहे थे। जैसे ही वह यमुना एक्सप्रेस वे पर टोल प्लाजा के पास पहुंचे तभी अचानक से गाड़ी में आग लग गई। जानकारी होने पर कार सवारों ने कार को सड़क किनारे खड़ा करके कूद कर अपनी जान को बचाया। जिसमें तीनों लोग मामूली रूप से चुटैल भी हो गए। जब तब वह कुछ समझ पाते उससे पूर्व ही कार धूं-धूंकर जलने लगी। सूचना पर इलाका पुलिस के अलावा दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह से जलकर राख हो गई।