हाईवे पर बरौली मोड़ व खेरेश्वर पर ऊपरगामी पुल निर्माण की जल्द मिलेगी स्वीकृति
सड़क हादसों की रोकथाम के लिए सार्थक परिणाम न निकलने पर डीएम ने जताई नाराजगी
अलीगढ़। जनपद में सड़क हादसों के लगातार बढ़ रहे मामले व हादसों में लोगों की जा रही जान के मामले में अलीगढ़ प्रदेश की टॉप-10 की सूची पर आ गया है। जिस पर डीएम इंद्रविक्रम सिंह ने कड़ी नाराजगी जताते हुए अफसरों को कड़ी फटकार लगाई। डीएम ने सड़क सुरक्षा समिति की पिछली बैठकों में आने वाली दिक्कतों एवं शिकायतों का समाधान न होने पर कहा कि जब हम सड़क हादसों में लोगों की जान ही नहीं बचा पा रहे हैं तो फिर सड़क सुरक्षा अभियान से कोई फायदा नहीं है। इससे तो अच्छा इस अभियान को बंद कर दिया जाए।
डीएम ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कहा कि बैठक एवं सड़क सुरक्षा अभियान का उद्देश्य सड़क हादसों पर अंकुश लगाना व हादसों में मृतकों की संख्या में कमी लाना है। लेकिन वर्तमान के आंकड़े दर्शाते हैं कि विभिन्न कारगुजारियों के बावजूद भी सड़क दुर्घटनाओं में कमी नहीं आ रही है। उन्होंने गहरी नाराजगी जताते हुए कहा कि इस बैठक को आम बैठक न बनाया जाए, बल्कि जो दिशा-निर्देश दिए जाते हैं उनका व्यक्तिगत रूचि लेकर अनुपालन किया जाए।
उन्होंने NHAI से जुड़े अफसरों को निर्देशित किया कि हाईवे पर बने अवैध कट को तत्काल बंद कराया जाए। देखने में आ रहा है कि अवैध कट के चलते लोगों यातायात के नियमों की अनदेखी कर रहे हैं और सड़क हादसे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मानक पर खरे न उतरने वाले कट को बंद किया जाना उचित रहेगा। सड़क किनारे बेतरतीब ढ़ंग से लगे होर्डिंग्स भी अभियान चलाकर हटाए जाएं। अलीगढ़-मुरादाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर 15वें किलोमीटर दूर जवां कस्बे से पहले दोनों तरफ के मोड़ का कोण 90 डिग्री होने से दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। जिस पर डीएम ने शिकायतकर्ता एवं संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया कि मौके पर जाकर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
ADM सिटी अमित कुमार भट्ट द्वारा अधिशासी अभियता लोनिवि का ध्यानाकर्षण कराया गया कि एटा रोड बौनेर तिराहे पर ढ़ाबों एवं अन्य विभिन्न प्रकार से सड़क को अतिक्रमित कर दिया गया है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। डीएम ने अधिशासी अभियंता लोकनिर्माण विभाग को पुलिस बल प्राप्त कर अवैध अतिक्रमण हटाए जाने के लिए निर्देशित किया। लोकनिर्माण विभाग तथा NHAI को सरल व सुगम यातायात के दृष्टिगत गड्ढ़ों को भरा जाने के निर्देशित किया। नगर निगम को निर्देशित किया गया कि एबीडी एरिया में बनाए जा रहे फुटपाथ पर अतिक्रमण न होने दिया जाए। फुटपाथ राहगीरों के पैदल चलने के लिए है न कि अतिक्रमण करने के लिए।
NHAI के परियोजना प्रबंधक प्रमोद कुमार कौशिक ने बताया कि जल्द ही नेशनल हाईवे पर बरौली-टमकौली मोड़ तथा खेरेश्वर पर ऊपरगामी सेतु की स्वीकृति प्राप्त होने की संभावना है। जिलाधिकारी ने पुलिस व परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यापक प्रचार-प्रसार एवं अभियान चलाते हुए आमजन विशेषकर युवा वर्ग को सड़क सुरक्षा एवं यातायात के नियमों का कड़ाई से अनुपालन कराया जाए। उन्होंने कहा कि जब कोई व्यक्ति गलत तरीके से वाहन चलाता है तो इससे न केवल उसकी जान को जोखिम होता है बल्कि वह अन्य लोगों के लिए भी मुसीबत बन सकता है।
बैठक में आरटीओ प्रवर्तन वंदना सिंह, एआरटीओ प्रशासन प्रवेश यादव, आरएम रोडवेज सत्येंद्र वर्मा, अधिशासी अभियंता पीडब्लूडी संजीव पुष्कर, समाजसेवी अरूण श्रीवास्तव के अलावा पुलिस, प्रशासनिक के अधिकारी मौजूद रहे।