रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

चंडौस में व्यापारी से लूट के मामले में वांछित एक आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, भेजा जेल

चंडौस। थाना क्षेत्र में जहराना-ओगीपुर मार्ग पर बीते दिनों व्यापारी से 3.26 लाख रुपये लूट करने के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को मंगलवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उसके कब्जे से लूट किए गए 4 हजार रुपये भी बरामद हुए हैं।

यह थी पूरी घटना

अकराबाद क्षेत्र के नगला झम्मन निवासी शैलेंद्र सिंह के मिल्क पाउडर व वेजिटेबल ऑयल का व्यापार करते हैं। बीती 17 अगस्त को वह तगादे का पेमेंट लेने के लिए जट्टारी गए थे। जहां से वह कार से अपनी ससुराल ताजपुर गए और साले से पेमेंट लेकर अलीगढ़ जा रहे थे। रात्रि में जैसे ही वह जहराना- ओगीपुर मार्ग पर पहुंचे तभी बीच सड़क पर उन्हें एक बाइक पड़ी दिखी तो वह बाइक को साइड में करने के लिए कार से उतरे तभी फिल्मी स्टाइल में बदमाशों ने उनके ऊपर तमंचा तानते हुए कार में रखे 3,26,400 रुपये के थैला के अलावा लैपटॉप, मोबाइल फोन लूट लिए और बाइक लेकर मौके से फरार हो गए थे। पीड़ित ने बाइक सवार बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन वह चकमा देकर भाग गए थे। पीड़ित ने ग्रामीणों की मदद से लूट की सूचना थाना पुलिस को दी थी।

खेत में पड़े मिले थे लैपटॉप व तमंचा

घटना के अगले दिन पुलिस ने घटना स्थल का फिर से निरीक्षण करते हुए गहनता से जांच की थी। जिसमें पुलिस को घटना स्थल से कुछ दूर स्थित खेत में व्यापारी का लूटा गया लैपटॉप व घटना में प्रयुक्त तमंचा पड़ा मिला था।

बिजलीघर के पास से किया गिरफ्तार

इंस्पेक्टर क्राइम सुधीर कुमार ने बताया कि पूर्व में पुलिस पांच आरोपियों काे गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि मंगलवार को पुलिस ने घटना में प्रकाश में आए आरोपी गौरव पुत्र योगेश चौहान को चंडौस बिजलीघर के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से लूट के 4 हजार रुपये भी बरामद हुए हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!