नाबालिग छात्रा से कक्षा के ही छात्र ने किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
लोधा। थाना क्षेत्र के एक गांव की अनुसूचित जाति की नाबालिग छात्रा से उसकी कक्षा के ही नाबालिग छात्र ने जाति सूचक शब्दों से अपमानित करते हुए दुष्कर्म कर डाला। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के साथ ही आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया है।
एक गांव के युवक ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसकी 16 वर्षीय बेटी पास ही के गांव स्थित एक स्कूल में 12 वीं की छात्रा हैं। शुक्रवार को वह स्कूल से पढ़कर घर लौट रही थी। तभी रास्ते में शिव मंदिर के पास उसकी कक्षा का ही छात्र वहां मिल गया। आरोप है कि आरोपी उसकी बेटी को जबरन मंदिर के पीछे खींच ले गया और जाति सूचक शब्दों से अपमानित करते हुए उसके साथ दुष्कर्म कर डाला। जब उसकी बेटी रोते हुए घर पहुंची और आप बीती बात परिजनों को बताई तो उनके होश उड़ गए। परिजनों ने घटना की सूचना थाना पुलिस को दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर लोधा ब्रह्मप्रकाश ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी छात्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी छात्र भी नाबालिग है, जिससे पूछताछ की जा रही है।