बलवंत नगलिया में डे-नाइड कबड्डी प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ
गभाना। क्षेत्र के गांव बलवंत नगलिया में शुक्रवार रात्रि में तीन दिवसीय डे-नाइट कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ समाजसेवी ठा. धर्मेंद्र सिंह, ठा. शरद कुमार सिंह व विभू सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर व खिलाडियों का परिचय प्राप्त कर किया।
इस मौके पर धर्मेंद्र ठाकुर ने कहा कि कबड्डी भारत का सबसे प्राचीनतम खेल है। इसे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा दिया जाना चाहिए। इस खेल से शारीरिक वृद्धि तो होती ही है, साथ ही मानसिक विकास भी तेज होता है। आज कबड्डी भारत का ही नहीं बल्कि पूरे विश्व का महत्वपूर्ण खेल बन चुका है। जिसके चलते इसका आयोजन आज देश-विदेश में किया जा रहा है।
ठा. शरद सिंह ने कहा कि सभी खिलाड़ी प्रतियोगिता में खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें। विभू सिंह ने कहा कि यह खेल हमें अनुशासन में रहना सिखाता है साथ ही इस खेल को खेलने से भाईचारे की भावना पैदा होती है। जीत-हार कोई मायने नहीं रखती है बल्कि खेल को आपसी प्रेम से खेलना मायने रखता है।
पहला मुकाबला बुलंदशहर के गांव रूदरी व जरार के बीच हुआ। जिसमें जरार के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मैच को जीत लिया। आयोजन में प्रेमपाल सिंह, जयवीर सिंह, नवनीत, अमित सिंह, रिंकू सिंह, बंटी सिंह, मुकुल, प्रमोद, सत्यवीर, चौ. हरेंद्र सिंह, गुड्डू बरका, अंकित सिंह आदि का सहयोग रहा।