पैराई में कलश यात्रा के साथ भागवत कथा हुई शुरू
गभाना। क्षेत्र के गांव पैराई में रविवार से श्रीमद् भागवत कथा एवं ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ हुआ। कथा से पूर्व श्रद्धालुओं ने भव्य कलश यात्रा निकाली। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। कलश यात्रा कथा स्थल से प्रारंभ हुई जिसमें भक्तजन ढ़ोल-नगाड़ों पर झूमते नाचते हुए चल रहे थे।
जिससे पूरा गांव भक्तिमय हो गया। कलश यात्रा के गांव में भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने कई स्थानों पर पुष्पवर्षा कर जोशीला स्वागत किया। गांव में भ्रमण के उपरांत कथा स्थल पर पहुंचकर कलश यात्रा ने विश्राम लिया।
कथा के पहले दिन कथा वाचक श्याम सुंदर शरन ने कहा कि कलयुग में कथा सुनने का अवसर मुश्किलों से मिलता है। कथा श्रवण से जन्म जन्मांतर के पापों का उद्धार होता है तथा मन को शांति मिलती है। कथा के दौरान धुंधकारी आदि समेत कई धार्मिक प्रसंग सुनाकरश्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया।
आयोजन में जुगेंद्र सिंह, शीलेंद्र सिंह, प्रताप सिंह, राहुल सिंह गुड़िया प्रधान, मनीष जादौंन, विनेश कुमार सिंह एडवोकेट, भूरा सिंह, ध्यानपाल सिंह, धीरेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह, देवेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।