गभाना से किसान चेतना यात्रा में शामिल होने को दर्जनों किसान लखनऊ के लिए हुए रवाना
गभाना। भारतीय किसान यूनियन भानू गुट के प्रदेश अध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में एक अक्टूबर से शुरू हुई किसान चेतना पैदल यात्रा में शामिल होने के लिए मंगलवार को गभाना से दर्जनों किसान एकत्रित होकर लखनऊ के लिए रवाना हुए हैं।
युवा जिलाध्यक्ष कृष्णा ठाकुर के नेतृत्व में दर्जनों किसान गभाना टोल प्लाजा पर एकत्रित हुए। जहां से सभी बस के द्वारा लखनऊ के लिए रवाना हो गए। कृष्णा ठाकुर ने बताया कि फिरोजाबाद के इमलिया उमरगढ़ स्थित प्रदेश कार्यालय से एक अक्टूबर से प्रदेश अध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में किसान चेतना पैदल यात्रा शुरू हुई हैं। जो कि 11 अक्टूबर बुधवार को लखनऊ में कालिदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री के आवास पर पहुंचकर समाप्त होगी।
इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर किसान आयोग का गठन, किसानों का संपूर्ण कर्जा माफ, नलकूपों के बिल माफ, 60 वर्ष से अधिक उम्र के किसानों को 10 हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन व पत्रकारों की मृत्यु पर 5 करोड़ रुपये का मुआवजा दिलाने की मांग प्रमुखता से की जाएगी। उन्होंने बताया कि अलीगढ़ जनपद से बड़ी संख्या में किसान यात्रा में शामिल होंगे।
इस दौरान ठा. सोहन सिंह, सुधीर ठाकुर, बलजीत चौधरी, जुगेंद्र सिंह, ओमप्रकाश सिंह फौजी, रविंद्र सिंह, पंकज चौधरी, सत्य प्रकाश छौंकर, संजय सिंह, सैनी सिंह, मनोज मित्तल, धर्मेंद्र चौधरी, वेदप्रकाश शर्मा, गोविल जादौन आदि किसान मौजूद रहे।