रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

सपा नेता रामजीलाल सुमन ने पुलिस मुठभेड को बताया फर्जी

इगलास। हाथरस में पुलिस द्वारा कथित मुठभेड़ के बाद दो युवकों की गिरफ्तारी का मामला गरमा गया है। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद रामजीलाल सुमन ने पुलिस की इस कार्रवाई को फर्जी बताया है। उन्होंने मुठभेड़ में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।यह मामला तीन दिन पहले मुरसान क्षेत्र का है।

नौ अक्टूबर को मुरसान कस्बे के खाद व्यापारी अमित अग्रवाल ने अपने घर में दो बदमाशों द्वारा लूटपाट के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने 10 अक्टूबर को इस मामले का खुलासा करने का दावा किया। पुलिस के अनुसार घटना में शामिल दो युवकों सोनू और सूर्यदेव को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। ये दोनों युवक इगलास कोतवाली क्षेत्र के बड़ाकलां गांव के निवासी हैं। पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान सोनू के पैर में गोली लगी थी। हालांकि, सोनू के परिजनों ने पुलिस की इस कार्रवाई को फर्जी बताते हुए थाना मुरसान में हंगामा किया था। उनका आरोप है कि पुलिस ने झूठी मुठभेड़ दिखाई है। आज इसी मामले को लेकर सपा सांसद रामजीलाल सुमन गांव बढ़ाकला पहुंचे। मीडिया से बात करते हुए पुलिस के एनकाउंटर को फर्जी करार दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब व्यापारी और दूसरा पक्ष पहले से परिचित थे, तो मुकदमा अज्ञात के खिलाफ क्यों दर्ज किया गया। पुलिस ने सोनू और सूर्यदेव के परिवार के तीन सदस्यों को पकड़कर दबाव बनाया कि दोनों युवकों को उनके हवाले किया जाए। ग्रामीणों की मौजूदगी में युवकों को पुलिस को सौंपा गया, जिसके बाद पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी मुठभेड़ में दिखा दी। सुमन ने पुलिस की कहानी को मनगढ़ंत बताया। उन्होंने कहा कि पुलिस मुठभेड़ में हमेशा पैर में ही गोली क्यों लगती है। उन्होंने मांग की मुठभेड़ में शामिल पुलिस टीम के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए और पूरे मामले की जांच किसी ऐसी एजेंसी से कराई जाए जो पुलिस के दबाव में न हो।

error: Content is protected !!