ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के संस्थापक स्वर्गीय बालेश्वर लाल जी की 36वीं पुण्यतिथि 27 मई को “ग्रामीण पत्रकारिता दिवस” के रूप में मनाएगा संगठन
उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों और 351 तहसीलों में आयोजित होंगे भव्य कार्यक्रम, उत्कृष्ट पत्रकार होंगे सम्मानित
लखनऊ : ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन , उत्तर प्रदेश के संस्थापक स्वर्गीय बालेश्वर लाल जी की 36वीं पुण्यतिथि आगामी 27 मई 2026 को पूरे प्रदेश में धूमधाम से “ग्रामीण पत्रकारिता दिवस” के रूप में मनाई जाएगी। इस संबंध में संगठन के प्रांतीय नेतृत्व द्वारा एक अत्यंत महत्वपूर्ण परिपत्र जारी कर प्रदेश के सभी पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ सिंह, प्रदेश महामंत्री संजय द्विवेदी और प्रदेश कोषाध्यक्ष छोटेलाल द्वारा जारी संयुक्त निर्देश में कहा गया है कि पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी संगठन के संस्थापक की पुण्यतिथि को पूरे उत्तर प्रदेश में व्यापक स्तर पर मनाया जाएगा।
जिलों और तहसीलों में होंगे मुख्य कार्यक्रम
जारी निर्देशों के अनुसार, उत्तर प्रदेश के सभी 75 जनपदों में जिलाध्यक्षों एवं महामंत्रियों के नेतृत्व में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें जिले में निवास करने वाले प्रांतीय व मंडलीय पदाधिकारियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जाएगा। इसके साथ ही, प्रदेश की सभी 351 तहसीलों में भी तहसील अध्यक्ष व महामंत्री के नेतृत्व में “ग्रामीण पत्रकारिता दिवस” का आयोजन होगा।
“स्व. बालेश्वर लाल पत्रकारिता सम्मान-2026” से नवाजे जाएंगे पत्रकार
इस वर्ष पुण्यतिथि के अवसर पर एक विशेष पहल की जा रही है। संगठन ने निर्देश दिया है कि संभव होने पर सभी स्तरों पर “स्वर्गीय बालेश्वर लाल पत्रकारिता सम्मान समारोह-2026” का आयोजन किया जाए। इसके तहत पत्रकारिता के क्षेत्र में विशिष्ट एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले पत्रकारों को सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया जाएगा।
प्रशासनिक अधिकारी और मीडिया जगत रहेगा मौजूद
कार्यक्रमों की गरिमा बढ़ाने के लिए जिला एवं तहसील स्तर के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को भी आमंत्रित किया जाएगा। साथ ही, स्थानीय स्तर पर प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से इस आयोजन का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रदेश नेतृत्व ने सभी क्षेत्रीय, प्रांतीय, मंडलीय, जनपदीय और तहसील स्तरीय पदाधिकारियों को इन निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है, ताकि संस्थापक स्वर्गीय बालेश्वर लाल जी के विचारों और ग्रामीण पत्रकारिता के संकल्प को और मजबूती दी जा सके। यह सूचना समस्त प्रांतीय व मंडल पदाधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रेषित कर दी गई है।