समाज में अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति को भी मिल रहा सरकारी योजनाओं का लाभ- अनूप प्रधान
चंडौस। नगर पंचायत कार्यालय पर रविवार को विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राजस्व राज्यमंत्री अनूप प्रधान ने किया गया।
इस मौके पर उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा का प्रमुख उद्देश्य सरकार की लाभार्थी परख योजनाओं से वंचित लाभार्थियों को उनके घर पहुंचकर लाभ दिलाना है। उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार में प्रदेश में चहुमुंखी विकास कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार गरीब, किसान, युवाओं व व्यापारियों के हित में लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों में लाभार्थियों को दस रुपये भेजे जाते थे, लेकिन पात्र व्यक्ति तक पहुंचने तक केवल एक रुपया बचता था। वर्तमान सरकार में लाभार्थी को जितना रुपया खाते में भेजा जा रहा है, उतना ही मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व में किसानों को खाद बीज के लिए सड़कों पर आंदोलन करना पड़ता था, लेकिन वर्तमान में खाद बीज आसानी से मुहैया कराया जा रहा है। पिछली सरकारों ने किसानों की ओर कोई ध्यान नहीं दिया, लेकिन मोदी सरकार में सम्मान निधि के रूप में किसानों के खाते में रुपया आ रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में समाज में अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति को समानता से योजना का लाभ मिल रहा है।
राज्य महिला आयोग की सदस्य मीना कुमारी ने कहा कि केंद्र व प्रदेश में भाजपा सरकार में महिलाएं व बालिकाएं अपने आप को सुरक्षित महसूस करती हैं। एक वक्त था जब प्रदेश में शाम होते ही महिलाएं व बालिकाएं घर से बाहर नही निकल पाती थी, लेकिन अब समय बदल चुका है। आज महिलाएं भी पुरूषों के कंधे से कंधा मिलाकर निरंतर तरक्की कर रही है।
चेयरमैन चंडौस डा. डीएस भारती ने बताया कि अब तक नगर पंचायत में पीएम आवास योजना के तहत 285 लाभार्थियों के पक्के मकान बन चुके हैं, जबकि शेष बचे लाभार्थियों को भी जल्द ही योजना का लाभ दिलाया जाएगा। इस मौके पर बाल विकास परियोजना के तहत गर्भवती महिलाओं की गोद भराई व नौनिहालों को अन्नप्राशन कराया गया। वहीं विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई तथा वंचित लाभार्थियों के पंजीकरण किए गए।
कार्यक्रम का संचालन मंडल अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने किया। इसम कौके पर डाॅ. धर्मवीर सिंह, व्यापारी नेता कृष्ण कुमार शर्मा, भाजपा नेता जय शर्मा, जयभगवान सोलंकी, नरेंद्र सारस्वत, ऋषि शर्मा, राजू चौधरी, वारिश अली, राहुल मीणा, इंद्रजीत सिंह, सतीश बाबू, मलखान सिंह, सुल्तान सिंह आदि मौजूद रहे।