दिन दहाड़े बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात व नगदी चोरी
जट्टारी। कस्बा के मोहल्ला नई बस्ती रावन टीला में सोमवार को दिन दहाड़े चोर बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात व नगदी चुराकर ले गए। पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
कस्बा निवासी रामेश्वर पुत्र छीतरमल कस्बा में ही जरतौली मोड़ पर दुकान चलाते हैं। पीड़ित के अनुसार वह सोमवार सुबह घर का ताला लगाकर बुलंदशहर के थाना जहांगीरपुर के गांव भूतगढ़ी में भात देने के लिए गए थे। तभी पीछे से चोरों ने घर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात कर डाली। शाम को आस -पड़ौस के लोगों ने फोन पर घर का ताला टूटने की सूचना दी।
जब वह परिजनों के साथ घर पहुंचे तो ताला टूटा देख व घर में सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। पीड़ित के अनुसार चोर घर से करीब ढ़ाई लाख रुपये के जेवरात व 60 हजार रुपये की नगदी समेत कीमती सामान चोरी कर ले गए। पीड़ित के अनुसार पुलिस कंट्रोल रूम को कई बार फोन करने के बाद भी फोन रिसीव नहीं किया गया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।