ट्रैक्टर ने कार में मारी टक्कर, चालक की मौत
अलीगढ़। थाना गांधीपार्क क्षेत्र में बौनेर के पास रविवार रात में ट्रैक्टर ने कार में टक्कर मार दी। हादसे में कार चालक की मौत हो गई। सोमवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाे गया।
मिली जानकारी के अनुसार थाना गंगीरी के गांव भिलावटी निवासी 38 वर्षीय अमित कुमार पुत्र नाथूराम कार चालक थे। रविवार रात में वह कार लेकर किसी काम से अलीगढ़ के लिए आ रहे थे। जैसे ही वह हाईवे पर बौनेर तिराहा पर पहुंचे तभी सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अमित गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को गंभीर हालत में उपचार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उधर हादसे के बाद मौके से भाग रहे आरोपी ट्रैक्टर चालक को राहगीरों ने पकड़ कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। सोमवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को परिजनो को सौंप दिया। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक दो बच्चों के पिता थे।