एसडीएम को ज्ञापन देकर युवाओं ने की निष्पक्ष जांच की मांग
इगलास। उत्तर प्रदेश पुलिस परीक्षा में पेपर लीक की घटना को लेकर युवकों ने एसडीएम को ज्ञापन देकर निष्पक्ष जांच कराकर कार्रवाई करने की मांग की है। युवाओं का कहना है कि प्रदेश सरकार द्वारा पुलिस परीक्षा की तिथि 17 व 18 फरवरी निर्धारित की थी। जिसमें ससमय परीक्षा देने छात्र पहुंचे, किंतु कुछ पालियों में पेपर लीक होने का मामला सामने आ रहा है।
छात्र नेता आदेश चौधरी के नेतृत्व में ज्ञापन देकर मांग की है कि सरकार पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच करा कर, बेरोजगार युवाओं के साथ न्याय करे। जिन पालियों में पेपर लीक जैसी अनियमितता पाई जाएं, उन पालियों में पुन: परीक्षा सरकार को करानी चाहिए। एसडीएम महिमा राजपूत ने युवाओं को आश्वस्त किया है कि ज्ञापन को उच्चाधिकारियों के माध्यम से शासन को भेज दिया जाएगा।
ज्ञापन देने वालों में देवेंद्र उपाध्याय, सचिन, ललित, हेमंत चौधरी, अनिल, दीपेश, धीरज, गोपेश तिवारी, पवन, राहुल, विपिन उपाध्याय, धर्मेंद्र चौधरी, मोहित, पुनीत, अंकित, अजहर अली, अभिषेक चौधरी, अमन चौधरी आदि थे।