टेंपो ने बाइक में मारी टक्कर, पति-पत्नी समेत तीन घायल
गभाना। हाईवे तहसील तिराहे पर अनियंत्रित टेंपो ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी व उनकी बेटी घायल हो गए। जिन्हें उपचार को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार इगलास थाना क्षेत्र के गांव गुरसैना निवासी राजकुमार सोमवार शाम को बाइक से पत्नी निशा व दो वर्षीय बेटी अवंतिका के साथ किसी काम से बुलंदशहर के सिकंदराबाद जा रहे थे। जैसे ही वह हाईवे तहसील तिराहे पर पहुंचे तभी सामने से आ रहे टेंपो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीनों गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद राहगीरों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से कस्बा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। वहीं हादसे के बाद आरोपी चालक टेंपो लेकर मौके से फरार हो गया।