सहारा खुर्द में शिवरात्रि मेले की तैयारियां जोरों पर
क्षेत्र के गांव सहारा खुर्द स्थित शिवपुत्रकार्तिकेय द्वारा स्थापित गुप्त तीर्थ स्थल पर मेले की तैयारियां जोरों पर हैं। समाज सेवी संजय चौधरी ने बताया कि हर वर्ष की भांति मेले को भव्य रूप दिया जा रहा है। इस दौरान शिव विवाह व विशाल कुश्ती दंगल के साथ भंडारे का आयोजन होगा। दंगल का आयोजन दो दिन होगा। वहीं बाहर से आए हुए दुकानदार मेले की शोभा बढ़ाएंगे। श्रद्धालुओं को जलाभिषेक करने में कोई दिक्कत न हो इसके भी पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।
जोश के साथ गंतव्य को बढ़ रहे भोले के भक्त

बारिश के बाद जहां मौसम ठंडा हुआ है तो वहीं भोले के भक्तों का जोश बढ़ गया है। महाशिव रात्रि पर देवों के देव महादेव का अभिषेक करने के लिए गंगा घाट से कावड़ लेकर गुजर रहे कांवड़ियों के कदम अपनी मंजिल की ओर बढ़ रहे हैं। भोले के भक्त अपने गंतव्य को मस्ती के साथ पूरा कर रहे हैं। इस बार महाशिव रात्रि आठ मार्च को है। इस दिन अपने आराध्य भगवान भोलेनाथ को जलाभिषेक करने के लिए कांवड़ियों के जत्थे गंगा घाट से कावड़ लेकर निकल पड़े हैं। कांवड़ियों के पैरों में बंधे घुंघरू की रुनझुन व हर-हर महादेव, जय भोले के जयघोष से माहौल भक्तिमय बन गया है। कांवड़ यात्रा के दौरान लोगों को आकर्षक झांकियां देखने को मिल रही हैं। लोगों को रंग बिरंगी कावड़ों को अपने कैमरे में कैद करने का सुनहरा मौका भी मिल रहा है। डीजे की धुन पर भोले के भक्त खूब थिरक रहे हैं।