गभाना थाना पर त्योहारों व चुनाव को लेकर हुई शांति समिति की बैठक
-आपसी भाईचारे से होली व ईद मनाने की अपील
गभाना। थाना पर शनिवार को आगामी होली, ईद के त्योहार व लोकसभा चुनाव को लेकर एसडीएम हीरालाल सैनी व सीओ शुभेंदु सिंह ने ग्राम प्रधानों, व्यापारियों व संभ्रात लोगों के साथ शांति समिति की बैठक की।
बैठक में एसडीएम हीरालाल सैनी ने लोगों से होली व ईद पर्व पर आपसी प्रेम व सौहार्द को कायम रखने व पर्व को शांति पूर्वक मनाने की अपील की है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि त्योहारों व चुनाव की आड़ में कोई भी गड़बड़ी फैलाने की अनुमति नही दी जायेगी। उन्होंने कहा कि गड़बड़ी पैदा करने वाले असमाजिक तत्वों को कतई बख्शा नही जायेगा और उन्हें सीधे जेल भेजा जायेगा।
सीओ शुभेंदु सिंह ने कहा कि त्योहरों पर कोई नई परंपरा की अनुमति नहीं दी जाएगी, पूर्व में जो आयोजन परंपरागत तरीके से होते हुए आए हैं केवल उन्हीं को अनुमति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि त्योहारों व चुनाव पर किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने वालों को किसी भी कीमत पर नही छोड़ा जायेगा। यदि क्षेत्र में कोई भी माहौल बिगाड़ने का प्रयास करे या गांवों में अवैध रूप से शराब बेची जा रही हो तो तत्काल उसकी सूचना थाना पुलिस व पुलिस कंट्रोल रूप को दें। जिससे ऐसे लोगों के विरूद्ध कठोर कार्रवाई अमल में लाई जा सके।
इस मौके पर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार, एसएसआई केपी सिंह, व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रवेंद्र सिंह राना, मुकेश गर्ग, हाजी यामीन अली, कुलदीप शर्मा प्रधान, सभासद नरेंद्र शर्मा, भुवनेश गोयल, सुशील वशिष्ठ, दुर्गेश गुप्ता, नरेंद्र राठौर, राहुल शर्मा आदि मौजूद रहे।