गभाना। लोकसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही शनिवार को तहसील प्रशासन आचार संहिता का कढ़ाई से पालन कराने के लिए सड़क पर उतर अाया। इस दौरान उन्होंने नगर पंचायत कर्मचारियों की मदद से क्षेत्र में सभी राजनीतिक पार्टियों के बैनर-पोस्टर, होर्डिंग्स उतरवाने शुरू कर दिए है।
गभाना नगर पंचायत में एसडीएम हीरालाल सैनी की देखरेख में नगर पंचायत कर्मियों ने जीटी रोड, हाईवे, लाखा बाजार, तहसील मुख्यालय, सोमना मोड़, कटरा मोड़ व मुख्य चौराहों से होर्डिंग्स, बैनर आदि उतरवाकर जब्त कर लिए गए। वहीं दीवारों पर चिपके पोस्टरों को भी हटवा दिया।
चंडौस, पिसावा व बरौली में भी देर शाम तक कर्मचारी राजनैतिक होर्डिंग्स व बैनर हटवाने में जुटे रहे। एसडीएम हीरालाल सैनी ने बताया कि चुनाव आचार संहिता का सख्ती से पालन कराया जाएगा। किसी भी तरह की राजनीतिक सामग्री सार्वजनिक रूप से लगने नहीं दी जाएगी। कहा कि राजनीतिक सामग्री लगाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी तहसील क्षेत्र के ग्रामीणों से आचार संहिता का पालन कराने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। बता दें कि अलीगढ़ जनपद में दूसरे चरण में 26 अप्रैल को मतदान होगा। जबकि 4 जून को धनीपुर मंडी में मतगणना की जाएगी।