आज होगा फैसला, कौन बनेगा अलीगढ़ का सांसद
सुबह आठ बजे से शुरू होगी मतगणना, सबसे पहले गिने जाएंगे बैलेट पेपर, फिर होगी ईवीएम से गिनती
– पहला रुझान सुबह 8:30 बजे आने की संभावना, विधानसभावार होगी मतगणना
रॉयल स्टार न्यूज।
अलीगढ़। अलीगढ़ लोकसभा सीट पर इस बार लाख टके का सवाल है कि क्या दो बार सांसद रहे व भाजपा प्रत्याशी सतीश गौतम अपनी प्रतिष्ठा को बचाकर जीत की हैट्रिक पूरी कर पायेंगे? इस बार वे त्रिकोणीय मुकाबले में घिरे हुए हैं। प्रतिष्ठापूर्ण बनी इस सीट पर होने वाले मुकाबले पर हर किसी की नजरें लगी हुई है।
जनपद में दूसरे चरण में 26 अप्रैल को हुए लोकसभा चुनाव के ठीक 39 दिन बाद आज मंगलवार को परिणाम आ जाएगा। धनीपुर मंडी में सुबह आठ बजे से मतगणना होगी और दोपहर बाद तक चुनाव की पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी। कड़ी सुरक्षा के बीच होने वाली मतगणना के दौरान सबसे पहले पोस्टल बैलेट व सर्विस वोटों की गिनती शुरू होगी। इसके बाद ही इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों की कंट्रोल यूनिट में दर्ज हुए वोटों की भी गणना शुरू हो जाएगी। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि सुबह नौ बजे से ही मतगणना के शुरूआती रूझान आना शुरू हो जाएंगे। दोपहर बाद तक मतगणना से पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी। पहला परिणाम शहर विधानसभा व सबसे अंतिम परिणाम अतरौली विधानसभा का आएगा।
————-
अलीगढ़ लोकसभा से यह प्रत्याशी है मैदान में
पार्टी – प्रत्याशी –
भाजपा – सतीश गौतम
सपा (गठबंधन) – चौ. बिजेंद्र सिंह
बसपा – हितेंद्र उपाध्याय, बंटी
समान अधिकार पार्टी – मनोज कुमार
लोकतांत्रिक जनशक्ति – एड. मनोज कुमार
राष्ट्रीय शोषित पार्टी – राजकुमार
स्वतन्त्र जनताराज पार्टी – सतीश कुमार
मौलिक अधिकार पार्टी – सुरेन्द्र
निर्दलीय – पं. केशव देव
निर्दलीय – एड. दिलीप शर्मा
निर्दलीय – महेश चंद्र शर्मा
निर्दलीय – राजेश कुमार
निर्दलीय – सतीश कुमार
निर्दलीय – ज्ञानीराम
———-