रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

फसल की रखवाली के लिए खेत पर सो रहे बुजुर्ग की हत्या

इगलास। कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला अहिवासी में खेत पर बनी नलकूप की कोठरी के बाहर सो रहे बुजुर्ग की हत्या कर दी। सिर में किसी धारदार हथियार से प्रहार करके घटना को अंजाम दिया गया। घटना की जानकारी सुबह जंगल गए ग्रामीणों को हुई। हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हाे सका है।

नगला अहिवासी निवासी 65 वर्षीय भगवती प्रसाद गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर अपने खेत पर रहते हैं। खेत पर नलकूप के लिए कोठरी बनी हुई है, कोठरी के बाहर ही फसलों की रखवाली के लिए खाट पर सोते थे। शनिवार की रात्रि करीब 10 बजे घर से खाना खाकर खेत पर गए थे। रविवार की सुबह जंगल गए गांव भटोई के ग्रामीणों को खाट से अलग बुजुर्ग का रक्तरंजित शव पड़ा हुआ दिखा। ग्रामीणों ने स्वजन को सूचना दी। सूचना पर स्वजन बिलखते हुए मौके पर पहुंचे। बुजुर्ग के सिर में लगी चोट से प्रतीत हो रहा था कि धारदार हथियार से प्रहार किया गया है। वहीं शव के गर्दन, मुंह व सीने पर भी चोट के निशान थे। हत्या की सूचना पर सीओ डा. कृष्ण गोपाल सिंह, इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सीओ का कहना है कि बुजुर्ग की हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। अज्ञात के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस के साथ ही फारेंसिक व सर्विलांस टीम कार्रवाई में जुटी है।

विदित रहे कि मृतक भगवती प्रसाद ने अपने पीछे पत्नी सावित्री, बेटी गीता, चार बेटे उमेश कुमार, बलभद्र, मनोज व नारायण को छोड़ा है। बेटी की शादी हो चुकी है, सबसे छोटा बेटा नारायण अविवाहित है। मृतक पर 55 बीघा जमीन थी। 25 बीघा जमीन नगला मोहन के रकवा में खरीदी थी।

error: Content is protected !!