अपराध संक्षिप्त खबरें
महिला ने अपने भाई के साथ भगा दी किशोरी
इगलास। एक गांव के एक व्यक्ति का कहना है कि 12 जून 2025 की शाम उसकी 16 वर्षीय पुत्री को गांव की ही महिला मंजू पत्नी मनोज कुमार बाजार जाने के बहाने इगलास लेकर गई थी। रात्रि तक बेटी घर नहीं लौटी तो मंजू से बेटी के संबंध में पूछताछ की। महिला ने बताया कि किशोरी को उसने इगलास में बाइक से आगरा के थाना सिकंदरा के गांव पनवारी के अपने भाई तीरथ पुत्र ओमप्रकाश के साथ भेज दिया है। पीड़ित पिता का कहना है कि काफी तलाश के बाद भी उसकी बेटी को कहीं पता नहीं चला है। इंस्पेक्टर नरेंद्र यादव ने बताया कि घटना के संबंध दोनों भाई-बहन के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
—–
युवक के साथ की मारपीट, मुकदमा दर्ज
जनपद मथुरा के थाना राया के गांव गुडेरा के सुनील कुमार पुत्र राजन सिंह का कहना है कि वह शुक्रवार की शाम गांव रायतपुर से अपने गांव जा रहा था। साथ में बहन मधु, भांजा मयंक व भांजी परी थे। गांव गंगागढ़ी के समीप गांव बहादुरपुर के गौरव ने उसकी गाड़ी पर पत्थर मारकर शीशा तोड़ दिया। गाड़ी रोकने पर अपने तीन साथियों के साथ मिलकर उसने मारपीट की। राहगीरों के बचाने पर धमकी देकर चले गए। पुलिस ने घटना के संबंध में प्राथमिकी पंजीकृत की है।
————-
अवैध चाकू के साथ युवक गिरफ्तार
इंस्पेक्टर ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर कस्बा में हीरो एजेंसी के समीप से गांव तोछीगढ़ के असादुल पुत्र मोहम्मद खान को गिरफ्तार किया था। युवक के कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद हुआ है। उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
——————————
रास्ते से बाइक हटाने की कहने पर दो भाईयों को पीटा
गांव महदौरा के उमेश कुमार पुत्र रामेश्वर सिंह का कहना है कि शनिवार की सुबह उसका बेटा सुमित नोएडा से लौट रहा था। टैंटीगांव से छोटा बेटा अंकित बाइक से उसे लेने गया था। रास्ते में गांव कंठी नगरिया पर एक बाइक खड़ी थी। बाइक हटाने की कहने पर गांव कंठी नगरिया के गुल्लू खां, आरिफ, जमशेद उर्फ जुम्मा, निवाजी, मुमताज, जुनैद, गुल्लू, जानू, गुड्डू, सूसा खां व मोहम्मद ने दोनों बेटों के साथ मारपीट की। जिससे उनके चोट आई हैं। झगड़े के दौरान बेटे का मोबाइल व पर्स भी गिर गया। पर्स में 19 हजार रुपये थे। पुलिस के पहुंचने पर किसी प्रकार मोबाइल वापस कर दिया। थाना प्रभारी रंजीत कुमार ने बताया कि आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत की गई है।