प्रेमिका को शादी का सपना दिखाकर अस्मिता से खेला, गर्भवती होने पर टूटा प्यार
गौंडा। प्रेम, भरोसा और शादी का सपना एक युवती ने अपने जीवन के सुनहरे भविष्य की कल्पना इन्हीं तीन शब्दों में संजो रखी थी। लेकिन उसी भरोसे को कुचलते हुए गांव के ही युवक ने उसकी जिंदगी को अंधेरे में धकेल दिया। अब वह युवती जो कभी शादी के सपनों में खोई रहती थी, आज पांच माह की गर्भवती होकर न्याय के लिए दर-दर भटक रही है।
युवती ने बताया कि दो साल पहले गांव का योगेश कुमार उससे मिलने-जुलने लगा। मीठे बोलों और प्रेम भरे वादों ने उसे अपने मोहपाश में ऐसा जकड़ा कि वह सबकुछ भूल गई। प्रेमी ने कहा था मैं तुमसे ही शादी करूंगा और उसी वादे की डोर पकड़कर वह उसके साथ हर कदम पर चलती रही। एक-एक कर रिश्ते की सीमाएं टूटतीगईं। प्यार की जगह अब धोखे की साजिश पल रही थी। 14 फरवरी 2023 वैलेंटाइन्स डे पर जब पूरी दुनिया प्यार मना रही थी। प्रेमी ने उसे होटल ले जाकर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण किया। फिर कहा अब जल्दी ही मम्मी-पापा से बात करके शादी की तारीख तय करूंगा। उसे क्या पता था कि यह केवल बहलाने वाला झूठ है। 24 फरवरी 2025 को उसने फिर मथुरा बुलाया, लक्ष्मीनगर की एक महिला मित्र के घर ले गया और फिर वहीं वही दर्दभरी कहानी दोहराई। जब मार्च के अंत में युवती को पता चला कि वह गर्भवती है, तो उसने डरी-सहमी हालत में प्रेमी से कहा कि अब शादी कर लो। अब आलम यह है कि युवती पांच माह की गर्भवती है, मानसिक और सामाजिक बोझ से दबी हुई है। जो उसके जीवन का हमसफर बनने का दावा करता था, अब शादी से इनकार कर चुका है। युवती का कहना है उसके प्यार के झूठे वादों ने जिंदगी तबाह कर दी। अब समाज की नजरों से भाग रही हूं, लेकिन कब तक? मेरे गर्भ में पल रहा बच्चा क्या कसूरवारहै? पुलिस में दी गई तहरीर के आधार पर योगेश के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।