हादसे में घायल युवक की उपचार के दौरान हुई मौत
गभाना। सोमना-खैर मार्ग पर गांव वीरपुरा पर चार अप्रैल को हुए हादसे में घायल युवक ने शुक्रवार को मेरठ में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार वीरपुरा निवासी मनोज कुमार पुत्र मंगलसेन चार अप्रैल को घर से पैदल किसी काम के लिए गांव करनपुर जा रहा था। तभी सोमना-खैर मार्ग पर पुराने सरकारी गोदाम के पास पीछे से तेज गति से आ रही कार ने उसे टक्कर मार दी थी। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजनो उसे अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। हालत गंभीर देखते हुए परिजन मेरठ के एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे। जहां पर शुक्रवार को 24 वर्षीय मनोज ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक चार भाईयों में सबसे छोटा था।