रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त : डीएम संजीव रंजन

समाधान दिवस में 65 शिकायतें आई, आठ का निस्तारण

इगलास। जनसमस्याओं के त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की प्राथमिकता के साथ शनिवार को तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन डीएम संजीव रंजन की अध्यक्षता में हुआ। ग्रामीणों और फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनमें आठ शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। चार मामलों में पुलिस व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भेजा गया है। इस दौरान प्राप्त 65 शिकायतों में 23 राजस्व विभाग, नौ विकास, छह विद्युत व 16 अन्य विभागों से संबंधित थीं। डीएम अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध व निष्पक्ष रूप से निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाए और गरीब, वंचित एवं पीड़ितों को प्राथमिकता के आधार पर न्याय सुनिश्चित किया जाए। डीएम ने स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं का समाधान ही प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है और इसमें कोई लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

समाधान दिवस में विधायक राजकुमार सहयोगी भी उपस्थित रहे। उन्होंने जनता की समस्याओं को सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि सरकार जनसुनवाई एवं समस्याओं के समाधान को सर्वाेच्च प्राथमिकता देती है। अधिकारी पूरी निष्ठा एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। इस अवसर पर सीडीओ प्रखर कुमार सिंह, एडीएम प्रशासन पंकज कुमार, सीएमओ डा. नीरज त्यागी, एसपी क्राइम ममता कुरील, एसडीएम परितोष मिश्रा, सीओ महेश कुमार सिंह मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!