रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

शिव महापुराण कथा का कलश यात्रा के साथ शुभारंभ

इगलास। श्रावण मास के पावन अवसर पर कस्बा स्थित प्राचीन वनखंडी महादेव मंदिर परिसर में सोमवार को श्री शिव महापुराण कथा का भव्य शुभारंभ कलश यात्रा के साथ हुआ। प्रातः काल आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वेदी स्थापना, पूजन और कलश यात्रा का आयोजन किया गया।

कलश यात्रा में सैकड़ों प्रीत वस्त्र में महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया। यात्रा मंदिर परिसर से आरंभ होकर मुख्य मार्गों से होती हुई पुनः मंदिर पहुंची। जय-जय शिव शंकर, हर-हर महादेव के नारों से कस्बे की गलियां भक्तिमय हो गईं। यात्रा में श्रद्धालु महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुईं। पुरुष श्रद्धालु भी भक्ति रस में डूबे नजर आए। आचार्य जनों ने वेद मंत्रों के उच्चारण के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए। व्यास पं. वैभव पाठक ने कहा कि शिव महापुराण कथा का श्रवण व्यक्ति के जीवन में शांति, कल्याण और मोक्ष का मार्ग प्रशस्त करता है। सावन माह में भगवान शिव की पूजा अर्चना का विशेष महत्व बताया गया है। शिवपुराण का श्रवण व स्वाध्याय जीव का कल्याण करने वाला है। कथा के आयोजक मंडल के सदस्यों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कथा श्रवण करने का आग्रह किया।

error: Content is protected !!