रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

जिले में ’’राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान’’ 30 सितम्बर तक संचालित

अलीगढ़। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के माध्यम से अवगत कराया गया है कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, एवं मीडियेशन एवं कंसीलियेशन प्रोजेक्ट कमेटी, माननीय सर्वाेच्च न्यायालय नई दिल्ली के तत्वावधान में संपूर्ण राष्ट्र में और माननीय जिला न्यायाधीश, अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनुपम कुमार के दिशा-निर्देशन में दीवानी न्यायालय अलीगढ़, परिवार न्यायालय, वाज्यिक न्यायालय, मोटरयान दुर्घटना प्रतिकर न्यायाधिकरण, जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग व वाह्य स्थित न्यायालयों में लम्बित मामलों का निस्तारण मध्यस्थता एवं सुलह केन्द्र अलीगढ़ के माध्यम से 30 सितम्बर तक ’’राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान’’ चलाया जा रहा है।

अपर जिला जज, पूर्णकालीन सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नितिन श्रीवास्तव ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि उक्त अभियान का उद्देश्य मध्यस्थता के माध्यम से न्यायालयों में लम्बित मामले जैसे- वैवाहिक विवाद, दुर्घटना दावे, घरेलू हिंसा, चैक बाउंस, वाणिज्यिक विवाद, सेवा विवाद,  शमनीय आपराधिक मामले, उपभोक्ता विवाद, ऋण वसूली, सम्पत्ति के बंटवारे, वेदखली, भूमि अधिग्रहण व अन्य उपयुक्त दीवानी मामलों का निस्तारण सुलह समझौता के आधार पर कराया जाना है। उन्होंने वादकारीगण व पक्षकारगण से अपील की है कि यदि उनके उपरोक्त से सम्बन्धित मामले किसी न्यायालय में लम्बित हो तो वे राष्ट्र के लिये मध्यस्थता अभियान 30 सितम्बर तक की अवधि में सम्बन्धित न्यायालय अथवा जिला मध्यस्थता एवं सुलह केन्द्र एडीआर भवन दीवानी न्यायालय परिसर में उपस्थित होकर अपने मामले का निस्तारण सुलह समझौता के माध्यम से करा सकते हैं।

——-

राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 13 सितम्बर को

अलीगढ़। अपर जिला जज, पूर्णकालीन सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नितिन श्रीवास्तव बताया है कि माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार और जिला न्यायाधीश, अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अनुपम कुमार के दिशा निर्देशन में 13 सितम्बर शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जिला न्यायालय, अलीगढ, बाह्य स्थित न्यायालयों में एवं तहसील स्तर पर किया जाना है।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में न्यायालयों, विभागों में लम्बित विभिन्न प्रकृति के मामलों (जैसे फौजदारी के शमनीय वाद, धारा 138 एनआईएक्ट, धन वसूली वाद, मोटर दुर्घटना प्रतिकर वाद, श्रम वाद, विद्युत अधिनियम एवं जलकर से सम्बन्धित वाद, पारिवारिक एवं वैवाहिक वाद, भूमि अर्जन वाद, सेवा सम्बन्धित वाद अन्य दीवानी वाद, अन्य प्रकृति के वाद जो न्यायालयों में लम्बित हो, के अतिरिक्त पारिवारिक, वैवाहिक विवादों के प्रीलिटिगेशन मामलों तथा प्रीलिटिगेशन स्तर पर विभिन्न बैंको, वित्तीय संस्थाओं एवं विभागों में लम्बित, प्रीलिटिगेशन स्तर के मामलों का भी निस्तारण आपसी सुलह समझौता के आधार पर किया जाना है।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत की भव्य सफलता के लिए 14 अगस्त को सायं 04ः30 बजे से विशेष न्यायाधीश (एससी/एसटी एक्ट)/नोडल अधिकारी, अलीगढ़ के विश्राम कक्ष में एक आवश्यक बैठक आहूत की गई है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों से अनुरोध किया है कि बैठक में समय से उपस्थित होने का कष्ट करें।

——-

वृहद रोजगार मेला 13 अगस्त को ज्ञान महाविद्यालय में

अलीगढ़। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, मॉडल कैरियर सेन्टर, राजकीय आईटीआई एवं ज्ञान महाविद्यालय आगरा रोड के संयुक्त तत्वावधान में 13 अगस्त को प्रातः 10.00 बजे से वृहद रोजगार मेला का आयोजन ज्ञान महाविद्यालय आगरा रोड अलीगढ़ में आयोजित किया जा रहा है। मेले में 21 कम्पनियों द्वारा प्रतिभाग कर रिक्त पदों पर चयन किया जायेगा।

जिला सेवायोजन अधिकारी ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि रोजगार मेले में विजन इण्डिया सर्विस नोयडा, टाटा स्ट्राईव स्किल डवलपमेंट सेंटर अलीगढ़, पेटीम नोयडा, ईएफएस प्रा०लि० सुडियाल अलीगढ, एसआईएस सिक्योरिटी सर्विस देहरादून एवं अन्य के द्वारा सिक्यौरिटी सर्विस, मार्केटिग, अकाउण्टेन्ट, प्रोडक्शन एसोसिएट, कम्प्यूटर आपरेटर, सेल्स, वेलनेस एडवाईजर, सुपरवाईजर, स्टोर इंचार्ज, पैकिंग इंचार्ज, टेलीकालर के पदों पर हाईस्कूल, इण्टरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा,  बीटैक, बीबीए, एमबीए उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का चयन किया जायेगा। उन्होंने बताया कि इच्छुक पंजीकृत अभ्यर्थी रोजगार संगम पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in एवं www.ncs.gov.in पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करें। पोर्टल पर रजिस्टर्ड अभ्यर्थी ही रोजगार मेले में प्रतिभाग कर पायेंगे। रोजगार मेले में सभी आवेदित अभ्यर्थी अपने साथ पंजीयन कार्ड (एक्स-10), समस्त शैक्षिक प्रमाण पत्रों की फोटो एवं मूल प्रति, फोटो आईडी, 02 फोटो एवं रिज्यूमे लेकर अवश्य आयें। रिक्तियों का विस्तृत विवरण सेवायोजन पोर्टल पर देखें किसी भी असुविधा के लिये सेवायोजन कार्यालय से सम्पर्क करें।

——-

19 से 21 सितम्बर के मध्य चेन्नई में आयोजित होगा ’’आहार चेन्नई 2025’’

अलीगढ़। उपायुक्त उद्योग बीरेन्द्र कुमार ने जिले के समस्त औद्योगिक संगठन एवं औद्योगिक इकाईयों को सेचित किया है कि 19 से 21 सितम्बर 2025 के मध्य चेन्नई ट्रेड सेन्टर, नन्दबक्कम चेन्नई के न्यू हॉल 1 एवं 2 में आहार चेन्नई 2025 का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने अनुरोध किया है कि उक्त सम्बन्ध में अपनी सदस्य इकाईयों को अपने स्तर से सूचित करते हुए इच्छुक इकाईयों को मेले में प्रतिभाग कराने का कष्ट करें।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!