वीर बाल दिवस व अटल बिहारी वाजपेयी जयंती पर हुई विचार गोष्ठी
इगलास। मंगलायतन विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की प्रथम इकाई द्वारा वीर बाल दिवस एवं भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया। कार्यक्रम पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के टीवी स्टूडियो में संपन्न हुआ। जिसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने सहभागिता की।
मुख्य वक्ता प्रो. दिनेश पांडेय ने स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन, व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री को एक दूरदर्शी नेता, संवेदनशील कवि और सशक्त लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक बताया। कार्यक्रम समन्वयक डा. पूनम रानी ने वीर बाल दिवस के महत्व पर विस्तार से चर्चा करते हुए गुरु गोबिंद सिंह के साहिबजादों के बलिदान को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि वीर बाल दिवस हमें साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति की भावना से ओतप्रोत करता है। प्रो. जितेंद्र सिंह ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में राष्ट्रीय चेतना, सामाजिक उत्तरदायित्व और नैतिक मूल्यों को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम अधिकारी डा. मनीषा उपाध्याय ने एनएसएस की गतिविधियों व उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। आभार मयंक जैन ने व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन योगेश कौशिक ने किया। गोष्ठी में डा. रवि शेखर, डा. शगुफ्ता परवीन, डा. प्रेमलता, डा. रामकृष्ण घोष, अजय राठौर, एंजेला फातिमा, हृदेश यादव, अफसान आदि उपस्थित रहे।