रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

वसंत पंचमी मेले में मंडलीय पत्रकार सम्मेलन व सम्मान समारोह आयोजित

-पत्रकारों की समस्याओं व चुनौतियों पर हुआ मंथन, सभी पत्रकार किए गए सम्मानित
इगलास। कस्बा में चल रहे सात दिवसीय मेला वसंत पंचमी के अंतर्गत इगलास पत्रकार संघ के तत्वावधान में मंडलीय पत्रकार सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय व मंडलीय स्तर के पत्रकारों ने सहभागिता कर पत्रकारिता से जुड़ी जमीनी समस्याओं, चुनौतियों और समाधान पर विचार साझा किए। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।


सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एसडीएम पारितोष मिश्रा ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं। समाज को सही दिशा देने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रशासन हमेशा सकारात्मक पत्रकारिता के साथ खड़ा है। मुख्य वक्ता ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के मंडल अध्यक्ष राजनारायण सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारों के समक्ष कई चुनौतियां हैं, बावजूद इसके वे सच्चाई को सामने लाने का कार्य कर रहे हैं। पत्रकारों को एकजुट होकर अपने अधिकारों और सुरक्षा के लिए संगठित प्रयास करने की आवश्यकता है। निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकारिता से ही आमजन का विश्वास बना रहता है। सहायक सूचना निदेशक संदीप कुमार ने कहा कि पत्रकारों और सूचना विभाग के बीच समन्वय से ही जनकल्याणकारी योजनाओं की सही जानकारी आम जनता तक पहुंच सकती है। उन्होंने सरकार की जनहितकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार में पत्रकारों की भूमिका को सराहा। वरिष्ठ पत्रकार देवेंद्र पाराशर ने कहा कि पत्रकारिता केवल पेशा नहीं, बल्कि समाज के प्रति उत्तरदायित्व है। सत्य और संवेदनशीलता के साथ की गई रिपोर्टिंग ही पत्रकार की पहचान बनाती है। उन्होंने युवा पत्रकारों से मूल्यों के साथ पत्रकारिता करने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि इंस्पेक्टर नरेंद्र यादव ने कहा कि पुलिस और पत्रकार समाज के लिए पूरक भूमिका निभाते हैं। सकारात्मक संवाद और सहयोग से ही कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकता है। कार्यक्रम के संयोजक कुलदीप शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिवओम शर्मा ने की, जबकि संचालन योगेश कौशिक ने किया। सम्मेलन के अंत में सभी उपस्थित पत्रकारों को सम्मानित किया गया। इगलास पत्रकार संघ के सभी साथियों का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर स्थानीय पत्रकारों के साथ-साथ अलीगढ़ व हाथरस क्षेत्र से आए पत्रकार बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!