गभाना क्षेत्र में घरेलू कलह के चलते युवक ने उठाया आत्मघाती कदम, फंदे पर झूलकर की आत्महत्या
गभाना। थाना क्षेत्र के गांव परतापुर में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां घरेलू कलह से तंग आकर एक 23 वर्षीय युवक ने मौत को गले लगा लिया।मिली जानकारी के अनुसार जयदेव सिंह के पुत्र राजकुमार का शनिवार को अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इस कलह से आहत होकर राजकुमार शनिवार की रात बिना बताए घर से निकल गया और गांव के बाहर एक खेत में स्थित पेड़ पर अपने अंगोछे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। रविवार की सुबह जब ग्रामीण नित्य क्रिया और टहलने के लिए खेतों की ओर निकले तो पेड़ से लटके राजकुमार के शव को देख उनके होश उड़ गए। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों और परिजनों की भारी भीड़ जमा हो गई। एक मासूम बच्चे के पिता राजकुमार के इस आत्मघाती कदम से परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का कारण पत्नी के साथ हुआ विवाद सामने आया है। फिलहाल इस मामले में कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है, फिर भी पुलिस हर पहलू से घटना की सघनता से जांच कर रही है।