गभाना क्षेत्र में कार की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्र घायल
गभाना। सोमना-खैर मार्ग पर गांव करनपुर के पास गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र घायल हो गए, जिनमें पिता की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। क्षेत्र के गांव महराजपुर निवासी सुरेश कुमार सुबह करीब 11 बजे अपने बेटे कपिल कुमार के साथ खैर के उटवारा से घर लौट रहे थे। करनपुर के पास पीछे से आ रही अनियंत्रित कार ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। परिजनों ने घायलों को तत्काल सीएचसी गभाना में भर्ती कराया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद सुरेश कुमार को गंभीर स्थिति में जिला अस्पताल भेज दिया गया।
———-
हाइवे पर वाहन की टक्कर से युवक गंभीर रूप से घायल
गभाना। दिल्ली-कानपुर हाईवे पर गांव भांकरी के समीप बुधवार देर रात सड़क किनारे खड़े एक युवक को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। आगरा के फतेहपुर सीकरी (नयागांव) निवासी श्याम बहादुर भांकरी स्थित एक निर्माणाधीन भवन में श्रमिक हैं। बुधवार रात वह अलीगढ़ जाने के लिए वाहन के इंतजार में सड़क किनारे खड़े थे, तभी किसी तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें चपेट में ले लिया। सूचना पर पहुँची पुलिस ने लहूलुहान अवस्था में युवक को उपचार के लिए भिजवाया।
——————
अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार को रौंदा, हालत नाजुक
गभाना। दिल्ली-कानपुर हाईवे पर पचपेड़ा मोड़ के पास गुरुवार दोपहर एक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुँचाया है। गाजीपुर के गांव देवल निवासी जयकृष्ण उपाध्याय गुरुवार को स्कूटी से दिल्ली की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह पचपेड़ा मोड़ के पास पहुँचे, पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि जयकृष्ण सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।