रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

बिना फिटनेस दौड़ रहीं एंबुलेंसों पर प्रशासन का सख्त एक्शन

- 19 सीज और 9 का पंजीयन निरस्त

अलीगढ़। मरीजों की सुरक्षा और जीवन के साथ खिलवाड़ करने वाले एंबुलेंस संचालकों के विरुद्ध प्रशासन ने अब तक का सबसे बड़ा हंटर चलाया है। डीएम के कड़े रुख और स्पष्ट निर्देशों के बाद परिवहन विभाग ने जिले भर में बिना फिटनेस और अधूरे मानकों के साथ दौड़ रही एंबुलेंसों के खिलाफ शनिवार को अभियान चलाया। इस बड़ी कार्रवाई के तहत प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि मरीजों की जान जोखिम में डालकर सड़कों पर अवैध रूप से दौड़ने वाले वाहनों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) प्रवेश कुमार ने बताया कि जिले में एंबुलेंस, स्कूली वाहनों और टैक्सियों की नियमित जांच मोटरयान अधिनियम के मानकों के अनुरूप की जा रही है। इसी कड़ी में डीएम के आदेश पर जिला अस्पताल, महिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज और प्रमुख निजी अस्पतालों के आसपास एक सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। जाँच के दौरान पाया कि कई एंबुलेंस बिना वैध फिटनेस प्रमाण पत्र के संचालित हो रही थीं, जो मरीजों के लिए बेहद घातक साबित हो सकती हैं।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, जिले में कुल 321 एंबुलेंस पंजीकृत हैं। सघन जांच अभियान के दौरान 260 एम्बुलेंस पूरी तरह मानकों के अनुरूप पाई गईं, जिनमें ऑक्सीजन सिलेंडर और आवश्यक चिकित्सीय उपकरण मौजूद थे। हालांकि, गंभीर अनियमितताएँ मिलने पर विभाग ने 19 एंबुलेंसों को मौके पर ही सीज कर दिया और 9 एंबुलेंसों का पंजीकरण हमेशा के लिए निरस्त कर दिया है। इसके अतिरिक्त, 33 वाहन स्वामियों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए फिटनेस प्रमाण पत्र प्राप्त होने तक संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। एआरटीओ ने चेतावनी दी है कि यह संयुक्त अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा ताकि स्वास्थ्य सेवाओं में सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!