तीन मासूमों व दिव्यांग पति को छोड़ प्रेमी संग फरार हुई महिला
चण्डौस। थाना क्षेत्र के एक गांव से एक हैरान करने वाला सामाजिक मामला सामने आया है। यहाँ एक महिला अपने तीन मासूम बच्चों और दिव्यांग पति को बेसहारा छोड़कर अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। पीड़ित पति की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
फैक्ट्री जाने की बात कहकर निकली थी घर से
थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव निवासी पीड़ित पति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह शारीरिक रूप से दिव्यांग है। गत 14 मई की सुबह करीब सात बजे उसकी पत्नी रोजाना की तरह पास में ही नमक फैक्ट्री में मजदूरी करने के लिए घर से निकली थी। देर शाम तक जब वह वापस घर नहीं लौटी, तो परिजनों को चिंता हुई। पीड़ित ने जब फैक्ट्री में जाकर जानकारी की, तो पता चला कि उसकी पत्नी उस दिन काम पर पहुंची ही नहीं थी।
घर से नकदी व जेवर भी समेट ले गई महिला
काफी खोजबीन के बाद पीड़ित को जानकारी हुई कि सिद्धनगर निवासी एक युवक उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया है। पीड़ित का आरोप है कि उसकी पत्नी घर में रखी करीब 15 हजार रुपये की नकदी और सोने-चांदी के कीमती आभूषण भी अपने साथ समेट ले गई है। महिला अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को रोता-बिलखता छोड़ गई है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
तलाश में जुटी पुलिस
परेशान दिव्यांग पति ने थाने पहुंचकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी युवक के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम महिला और आरोपी युवक की सरगर्मी से तलाश में जुट गई है।