रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

गभाना: धू-धूकर जलीं स्कूलों की बसें, आग का तांडव देख हाईवे पर मची अफरा-तफरी

गभाना। नेशनल हाईवे (NH-34) पर महरावल पुल के पास गुरुवार सुबह उस वक्त रोंगटे खड़े कर देने वाला मंजर देखा गया, जब एक मरम्मत वर्कशॉप में खड़ी दो नामचीन स्कूलों की बसों समेत चार वाहन भीषण आग में धू-धूकर जल गए। आग की लपटें इतनी विकराल थीं कि देखते ही देखते चारों बसें लोहे के कंकाल में तब्दील हो गईं। इस हादसे के बाद हाईवे पर तेज धमाकों के साथ धुएं का ऐसा गुबार उठा कि दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पलक झपकते ही फैला आग का तांडव
मिली जानकारी के अनुसार बुलंदशहर निवासी जाकिर हाईवे पर महरावल पुल के पास वाहनों की मरम्मत के लिए एक वर्कशॉप चलाते हैं। गुरुवार सुबह उनके वर्कशॉप में विभिन्न शिक्षण संस्थानों की बसें मरम्मत के लिए खड़ी थीं। जाकिर जब एक निजी बस में वेल्डिंग का काम कर रहे थे, तभी अचानक बस में आग लग गई। जब तक मैकेनिक और आसपास के लोग कुछ समझ पाते या आग बुझाने का प्रयास करते, तब तक पास में खड़ी जट्टारी के बाबा कॉन्वेंट स्कूल की दो और हाथरस के पावना स्कूल की एक बस को भी आग ने अपनी लपटों में ले लिया। इस दौरान हाईवे पर कई किलोमीटर दूर से ही धुंए का गुबार दिखाई दे रहा था।तीन थानों की दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
हाईवे किनारे लगी इस भयावह आग को देखकर पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और लोधा की तरफ से आने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट कराया। गभाना के अलावा बन्नादेवी और हरदुआगंज थानों की कई फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक चारों बस पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थीं।अफसरों ने लिया जायजा
घटना की सूचना मिलते ही सीएफओ मुकेश कुमार और सीओ महेश कुमार ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। सीओ ने बताया कि शुरुआती जांच में वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी ही इस बड़े हादसे की वजह सामने आई है। सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि हादसे के वक्त सभी बसें खाली थीं, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। इस मामले में बाबा कॉन्वेंट स्कूल के ट्रांसपोर्ट इंचार्ज मुनेश कुमार की तरफ से थाने में इत्तेफाकिया रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इसमें घटना को एक महज हादसा बताते हुए किसी को दोषी न ठहराने और नियमानुसार विभागीय कार्रवाई करने की मांग की गई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!