गभाना: गृह क्लेश की बलि चढ़ा इकलौता चिराग, पत्नी से विवाद के बाद युवक ने विषाक्त पदार्थ खा कर दी जान
गभाना। क्षेत्र के गांव चंदरौला में पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव के चलते एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। पत्नी से हुए मामूली विवाद से क्षुब्ध होकर 22 वर्षीय नवविवाहित युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इकलौते बेटे की मौत से माता-पिता के पैरों तले जमीन खिसक गई है। घटना के बाद से ही पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पत्नी से विवाद के बाद उठाया आत्मघाती कदम
प्राप्त जानकारी के अनुसार चंदरौला गांव के निवासी रघुराज सिंह का इकलौता पुत्र रोहित (22 वर्ष) अलीगढ़ की एक निजी कंपनी में नौकरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। रोहित की शादी महज सात महीने पहले ही सीमा नामक युवती के साथ धूमधाम से संपन्न हुई थी। शुरुआती कुछ महीनों के बाद ही नवदंपती के बीच वैचारिक मतभेद शुरू हो गए थे। बुधवार शाम को किसी बात को लेकर रोहित और उसकी पत्नी सीमा के बीच नोकझोंक हो गई। परिजनों ने बीच-बचाव कर उस वक्त तो मामला शांत करा दिया, लेकिन इस विवाद से रोहित मानसिक रूप से बुरी तरह टूट गया। देर रात जब सब सो रहे थे तब अत्यधिक तनाव और क्षोभ में आकर रोहित ने कोई विषाक्त पदार्थ खा लिया।
अस्पताल पहुंचने से पहले थमी सांसें
आधी रात के बाद जब रोहित की तबीयत बिगड़ने लगी तब परिजनों इसकी जानकारी हुई। आनन-फानन में बदहवास परिजन पड़ोसियों की मदद से उसे गंभीर हालत में उपचार के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज लेकर दौड़े। हालांकि, तब तक जहर रोहित के शरीर में पूरी तरह फैल चुका था। मेडिकल कॉलेज पहुंचते ही डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंपा
घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर गुरुवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। मामले की जानकारी देते हुए इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच और पूछताछ में यह बात सामने आई है कि युवक ने पारिवारिक कलह और पत्नी से हुए विवाद के बाद आत्मघाती कदम उठाते हुए खुदकुशी की है। अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस घटना के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है।