दौरऊ मोड़ पर भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री का हुआ जोरदार स्वागत, संगठन मजबूती का आह्वान
गभाना। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री व राज्यसभा सांसद डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल का गुरुवार को क्षेत्र के दौरऊ मोड़ पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ जोरदार स्वागत किया। वह दिल्ली से कार द्वारा अलीगढ़ जिला मुख्यालय पर आयोजित पार्टी के प्रांतीय प्रशिक्षण वर्ग में सम्मिलित होने के लिए आ रहे थे। इस दौरान राष्ट्रीय महामंत्री के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया।
सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं
राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल ने उपस्थित कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ सीधा संवाद किया। उन्होंने संगठनात्मक चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा का मुख्य आधार उसके कर्मठ कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचाएं। संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सक्रिय व मजबूत बनाने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि जनता के बीच निरंतर संपर्क ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।
स्वागत करने वालों में ये रहे मुख्य रूप से शामिल
राष्ट्रीय महामंत्री का स्वागत करने के लिए दौरऊ मोड़ पर सुबह से ही भाजपा नेताओं का ताँता लगा हुआ था। जैसे ही उनका काफिला वहां पहुँचा तो कार्यकर्ताओं ने गगनभेदी नारों और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिवादन किया। इस अवसर पर जिला कोषाध्यक्ष सुशील गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी जितेंद्र गोविल, पूर्व मंत्री ठाकुर दलवीर सिंह के पौत्र व युवा नेता विजय सिंह पप्पू, ब्लॉक प्रमुख अकराबाद राहुल सिंह, विनय कुमार, सीटू सिंह, रोशन सिंह, मुकेश कुमार, सुखवीर सिंह, अमर सिंह, राजकुमार सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय पदाधिकारी व गणमान्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे