रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

दबाव और धमकियों से नहीं डिगेगी पत्रकारों की कलम, मिशन के रूप में करें पत्रकारिता : ओम प्रकाश द्विवेदी

अलीगढ़। पत्रकारिता महज खबर लिखने का काम नहीं, बल्कि समाज के प्रति जवाबदेही निभाने और सच को सामने लाने का मिशन है। इस राह में चुनौतियां आएंगी, दबाव बनाया जाएगा और धमकियों से डराने की कोशिश भी होगी, लेकिन जो पत्रकार इन परिस्थितियों में भी अपने सिद्धांतों पर अडिग रहता है, वही अपनी अलग पहचान बनाता है। पत्रकारिता में समर्पण, साहस और निष्पक्षता का होना बेहद जरूरी है। इनके बिना इस क्षेत्र में लंबे समय तक टिक पाना मुश्किल है।

यह बात ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष ओम प्रकाश द्विवेदी ने मंगलवार को दुबे पड़ाव स्थित होटल वृन्दावन में पत्रकार साथियों के साथ आयोजित बैठक में कही। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का रास्ता आसान नहीं है। समाचारों के प्रकाशन पर कई बार धमकियां मिलती हैं और पत्रकारों को भयभीत करने का प्रयास किया जाता है। ऐसे में जरूरत है कि पत्रकार दबाव के आगे झुकने के बजाय अपनी कलम की ताकत और सिद्धांतों पर भरोसा रखें। पत्रकार का दायित्व सच को सामने लाना है, इसलिए उसे पूरी निष्ठा और निर्भीकता के साथ अपने कर्तव्य का निर्वहन करना चाहिए। अपने पत्रकारिता जीवन के अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा कि जब उन्होंने इस क्षेत्र में कदम रखा था, तब संसाधनों का अभाव था और चुनौतियां बड़ी थीं, लेकिन मन में कुछ कर गुजरने का जज्बा था। इसी हौसले के साथ वह आगे बढ़ते रहे और कभी अपनी कलम को सिद्धांतों से समझौता नहीं करने दिया। उन्होंने पत्रकारों से अपने दायित्व को मिशन मानकर समाजहित में कार्य करने का आह्वान किया।

मंडल अध्यक्ष राजनारायण सिंह ने कहा कि पत्रकारिता में अनुभव केवल समय बिताने से नहीं, बल्कि संघर्षों के बीच सिद्धांतों पर अडिग रहने और जिम्मेदारियों को ईमानदारी से निभाने से हासिल होता है। वरिष्ठ पत्रकारों के पास अनुभवों का ऐसा खजाना है, जिससे नई पीढ़ी बहुत कुछ सीख सकती है। युवा पत्रकारों को वरिष्ठों के अनुभवों से सीख लेकर अपनी कलम को और धारदार बनाना चाहिए। पत्रकारिता में चुनौतियों से घबराने या किसी दबाव में झुकने के बजाय तथ्यों के साथ मजबूती से खड़े रहना जरूरी है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठों का मार्गदर्शन और युवाओं का जोश मिलकर पत्रकारिता को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकता है। संगठन की मजबूती भी इसी एकजुटता, आपसी सहयोग और अनुभवों के आदान-प्रदान में निहित है। सभी पत्रकार साथियों को एक-दूसरे का सम्मान करते हुए पत्रकारिता की गरिमा बनाए रखने और समाजहित में पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का संकल्प लेना चाहिए।

मंडल महासचिव विवेक शर्मा ने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में कठिनाइयां कदम-कदम पर आती हैं, लेकिन मजबूत हौसले और धैर्य के सामने कोई चुनौती बड़ी नहीं होती। नए साथियों को जल्दबाजी या दबाव में आने के बजाय संयम, साहस और जिम्मेदारी के साथ काम करना चाहिए। प्रदेश उपाध्यक्ष ने अपने अनुभवों से साथियों को नई ऊर्जा और प्रेरणा दी है। संगठन को मजबूत बनाने के लिए मंडल अध्यक्ष औरजिलाध्यक्ष के नेतृत्व में संगठन को मजबूत बनाने के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। संगठन की असली ताकत उसकी एकजुटता, आपसी विश्वास और साथियों के बीच सहयोग की भावना में है। सभी पत्रकारों को एकजुट होकर संगठन की मजबूती और पत्रकारिता की गरिमा बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करना चाहिए।जिला उपाध्यक्ष सत्या पंडित ने कहा कि संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों का मार्गदर्शन पत्रकारों के लिए नई दिशा और नई ऊर्जा देने का काम करता है। उनके अनुभवों से न केवल पत्रकारिता की बारीकियां सीखने को मिलती हैं, बल्कि चुनौतियों से निपटने और अपनी जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से निभाने की प्रेरणा भी मिलती है। उन्होंने कहा कि ऐसे संवाद और बैठकें पत्रकारों के ज्ञान को समृद्ध करने के साथ ही आपसी समन्वय और संगठनात्मक एकजुटता को मजबूत बनाते हैं। वरिष्ठों के अनुभवों का लाभ उठाकर युवा पत्रकार अपनी लेखनी को अधिक प्रभावशाली बना सकते हैं और पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों को मजबूती से आगे बढ़ा सकते हैं।

कोल तहसील अध्यक्ष अमित टाइगर ने कहा कि संगठन की असली ताकत साथियों की एकजुटता, आपसी विश्वास और सामूहिक प्रयासों में है। सभी पत्रकारों को आपसी तालमेल के साथ संगठन को मजबूत बनाने और पत्रकार हितों के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करना चाहिए। एकजुट होकर किए गए प्रयास ही संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाते हैं। जिला उपाध्यक्ष पंकज शर्मा ने बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों और पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन की एकजुटता बनाए रखने पर जोर दिया। इससे पहले प्रदेश उपाध्यक्ष ओम प्रकाश द्विवेदी का फूलमालाओं और शाल ओढ़ाकर स्वागत किया गया। श्री गणेश मंदिर के पीठाधीश्वर विनय नाथ और ललित वार्ष्णेय ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। बैठक में मंडल प्रचार मंत्री चेतन वार्ष्णेय, जिला सदस्य कुशलपाल सिंह, लक्ष्मीराज सिंह, योगेश उपाध्याय, महिपाल, मोर मुकुट सहित अन्य पत्रकार साथी मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!