डीएम व एसएसपी ने किया नामांकन केंद्र का निरीक्षण
गभाना। डीएम इंद्र विक्रम सिंह व एसएसपी कलानिधि नैथानी ने मंगलवार को तहसील का निरीक्षण कर गभाना, बरौली, चंडौस व पिसावा नगर पंचायत के अध्यक्ष व सदस्य पद के लिए नामांकन केंद्रों की व्यवस्था को परखा।
बता दें कि नगर नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे चरण में 11 मई को मतदान होना है। जिसके लिए सोमवार से तहसील परिसर में नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। मंगलवार को डीएम व एसएसपी ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को देखा। इस दौरान उन्होंने बेरिकेडिंग, पेयजल, छाया, वाहन पार्किग, प्रकाश, सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। जहां पर उन्हें सभी व्यवस्था पूरी चाक-चौबंध मिली। जिस पर उन्होंने प्रसन्नता जाहिर की और अफसरों को शाबासी दी।
इस दौरान उन्होंने नामांकन पत्रों की जानकारी ली। अधीनस्थों ने बताया कि नगर पंचायत गभाना के अध्यक्ष के 31, सदस्य के 66, बरौली नगर पंचायत अध्यक्ष के 25, सदस्य के 41, चंडौस नगर पंचायत अध्यक्ष के 14, सदस्य के 48 व पिसावा नगर पंचायत अध्यक्ष के 18 व सदस्य के 40 प्रत्याशियों ने नामाकंन पत्र खरीदे हैं। वहीं दूसरे दिन केवल पिसावा नगर पंचायत में सदस्य पद के लिए एक नामांकन दाखिल हुआ है। इस दौरान उन्होंने तहसील परिसर, ग्राम न्यायलय, बाल विकास परियोजन कार्यालय का निरीक्षण करने के साथ ही अधिवक्ताओं से संवाद किया। इस दौरान एसडीएम केबी सिंह, सीओ सुमन कनौजिया, तहसीलदार उदयवीर सिंह, नायब तहसीलदार संदीप चौधरी, अजेंद्र तौमर, ईओ दीपक शर्मा, रजनीश शर्मा आदि मौजूद रहे।