नहीं खुल सका नगर पंचायत अध्यक्ष पद के नामांकन का खाता
गभाना, चंडौस व पिसावा के 9 सदस्यों ने किया नामांकन
गभाना। नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे चरण में 11 मई को होने वाले मतदान को लेकर तहसील परिसर में गभाना, चंडौस, पिसावा व बरौली नगर पंचायत के अध्यक्ष व सदस्य की नामांकन प्रक्रिया जारी है। तीन दिन बीत जाने के बाद भी चारों ही नगर पंचयातों में नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए नामांकन का खाता नहीं खुल सका है। हालांकि चारों ही नगर पंचायताें के लिए अध्यक्ष पद के लिए 111 नामांकन पत्र खरीदे जा चुके हैं। सदस्य पद के लिए बुधवार को चंडौस से 6, गभाना से एक व पिसावा से दो उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र रिटर्निंग ऑफीसर के समक्ष दाखिल किया। बरौली में अभी तक सदस्य पद के लिए भी खाता नहीं खुल सका है। इस दौरान एसडीएम केबी सिंह, सीओ सुमन कनौजिया, इंस्पेक्टर राम कुंवर सिंह ने एंटी सेबोटाज टीम (एलआईयू की बम निरोधक टीम) के साथ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। एसडीएम ने बताया कि अब तक गभाना नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए 36, सदस्य के 80, बरौली नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए 34, सदस्य के 63, चंडौस नगर पंचायत अध्यक्ष के 21, सदस्य के 64 व पिसावा नगर पंचायत अध्यक्ष के 20 व सदस्य पद के लिए 46 नामांकन पत्र विक्रय किए जा चुके हैं।