तीन माह की बच्ची को उठाकर ले गया कुत्ता, नोंच-नोंच कर मार डाला
अलीगढ़। अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी परिसर के पार्क में पिछले दिनों कुत्तों के हमले से टहल रहे रिटायर्ड डॉक्टर की मौत को अभी लोग भुला भी नहीं पाए थे कि रविवार की सुबह खूंखार कुत्ता एक दुधमुंही बच्ची को उठकर ले गया और उसे नोंच-नोंचकर मार डाला।
क्वार्सी थाना क्षेत्र के स्वर्ण जयंती नगर के महाराणा प्रताप काॅलोनी निवासी पवन मजदूरी करते हैं। करीब तीन माह पूर्व उनकी पत्नी रजनी ने जुड़वा बच्चों को जन्म दिया था। शनिवार को पवन की दो बहनों की बरात आई थी। परिवार के सभी लोग शादी समारोह में व्यस्त थे। रजनी अपने दोनों बच्चों को अन्य बच्चों के साथ कमरे में सुलाकर कन्यादान करने के लिए चली गई। इस दौरान एक कुत्ता वहां आ गया और तीन माह की बच्ची को उठा ले गया। कुछ देर बाद पवन जब कमरे में पहुंचा तो बेटी को वहां न पाकर उसके होश उड़ गए। पवन व अन्य परिजनों ने दुधमुंही बच्ची को तलाश करना शुरू कर दिया। जब बच्ची का कहीं पता नहीं लगा तो पवन बच्ची को तलाश करता हुआ एक खाली प्लाट में पहुंचा तो वहां का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। आवार कुत्ता बच्ची को नोंच रहा था। पवन को देखते ही कुत्त बच्ची को मुंह में दबाकर भागने लगा। पवन ने कुत्ते का पीछा कर बच्ची को छुड़ाया। तब तक बच्ची की मौत हो चुकी थी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया। परिजनों ने बच्ची का अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं कुत्तों के आतंक से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है।
एएमयू छात्र पर कुत्तों ने किया हमला, घायल
एएमयू में शनिवार रात्रि में कुत्तों ने एक पीएचडी स्कॉलर पर हमला करते हुए घायल कर दिया। पॉलीटिकल साइंस से पीएचडी कर रहे खालिद हसन ने बताया कि वह देर रात हॉस्टल के बाहर टहल रहा था। तभी दो कुत्तों ने उनके हमलावार हो गए। उन्होंने कुत्तों को भगाने की कोशिश की, लेकिन कुत्तों ने उन पर हमला बोल दिया। उन्होंने भागकर खुद को बचाने का प्रयास किया तो चार-पांच कुत्ते और वहां आ गए। जिससे वह जमीन पर गिर पड़े। कुत्तों ने उन्हें पंचों से व दातों से हमला करते हुए घायल कर डाला। जैसे तैसे करके उन्होंने भाग कर कॉमन रूम में बंद खुद को बचाया।
