इंटरमीडिएट के छात्र की गोली मारकर की हत्या, गुस्साएं छात्रों ने लगाया जाम
– टप्पल के बैरमगंज गांव के पास स्कूल गेट के बाहर की घटना
– छात्राें ने दो हमलावारों का पीछा कर पकड़ा, किया पुलिस के हवाले
अलीगढ़। टप्पल क्षेत्र के गांव बैरमगंज के पार आरपीएस स्कूल के सामने गुरुवार को बाइक सवार दो हमालावारों ने इंटरमीडिएट के छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी। छात्रों ने हमलावारों का पीछा करते हुए उन्हें पकड़ लिया और जमकर धुनाई करते हुए पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं गुस्साएं छात्रों व ग्रामीणों ने अलीगढ़-पलवल मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम को खुलवा दिया।
मिली जानकारी के अनुसार टप्पल थाना क्षेत्र के गांव कमालपुर निवासी संत कुमार का बेटा प्रिंस कुमार गांव बैरमगंज के समीप आरपीएस ग्लोबल स्कूल में इंटरमीडिएट का छात्र था। शुक्रवार को वह अपने साथी के साथ बाइक स्कूल के लिए आ रहा था। तभी स्कूल के गेट पर बाइक सवार दो युवक प्रिंस का नाम पूछते हुए आ गए । जिनमें से एक हमलावार नकाबपोश में था। प्रिंस का नाम पूछते ही दोनों हमलाबारों ने उसके सीने में गोली मार दी और भाग छूटे। गोली लगते ही छात्र प्रिंस लहुलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना की जानकारी पर छात्र के परिजन मौके पर पहुंच गए और उसे उपचार को जेवर के कैलाश अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर घटना के बाद वहां मौजूद अन्य छात्रों ने हमलावारों का पीछा करते हुए जरतौली मोड़ के पास से पकड़ लिया और दोनों की जमकर धुनाई कर डाली। सूचना पर पहुंची पुलिस को छात्रों ने दोनों हमलावारों का सुपुर्द कर दिया।
परिजनों व छात्रों ने अलीगढ़-पलवल मार्ग पर लगाया जाम
छात्र प्रिंस की मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों व छात्रों में आक्रोश पनप गया। इस दौरान उन्होंने अलीगढ-पलवल मार्ग को जाम कर दिया और हंगामा शुरू कर दिया। घटना की जानकारी होने पर एसएसपी कलानिधि नैथानी समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। साथी की मौत के कारण छात्रों में आक्रोश था और वह मानने के लिए बिल्कुल भी तैयार नहीं हो रहे थे। जिसके बाद अधिकारियों ने छात्रों को समझाना शुरू किया और आश्वासन दिया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। तब कहीं जाकर एक घंटे बाद गुस्साएं छात्र शांत हुए और उन्होंने जाम को खोल दिया।
25 हजार में छात्र की हत्या का हुआ था सौदा
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार पकड़े गए दोनों हमलावार ने अपने नाम आफताब व कुनाल निवासी कस्बा जट्टारी बताया है। उन्होंने बताया कि पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने जट्टारी के ही एक युवक से 25 हजार रुपये में प्रिंस की हत्या करने का सौदा तय हुआ था। जिसमें से दस हजार रुपये एडवांस मिले थे। पुलिस उस युवक की तलाश में भी जुट गई है, जिसने हत्या का सौदा तय किया था।
एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।