मेडिकल स्टोर संचालक पर की फायरिंग
इगलास।गौंडा थाना क्षेत्र के गांव कैमथल निवासी राहुल पुत्र जगवीर सिंह का कस्बा इगलास में गौंडा रोड पर मेडिकल स्टोर है। गुरुवार की दोपहर करीब दो बजे शस्त्रों के साथ आए कुछ युवकों ने उसके साथ मारपीट कर दी थी। वहीं, दुकान में तोड़फोड़ करते हुए नेहना ने फायरिंग की थी। जिससे वह किसी प्रकार बच गया। इस संबंध में पुलिस ने गांव बलकननगरिया निवासी नेहना पुत्र पप्पू, गांव नया बांस निवासी देवेंद्र उर्फ कालिया पुत्र चंद्रपाल सिंह व पांच-छह अज्ञात के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कराया था।
इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय अलीगढ़ द्वारा जनपद में अपराध की रोकथाम एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाये जा रहे ”ऑपरेशन प्रहार” के तहत शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे मुखबिर की सूचना पर एसआइ दिनेशचंद्र ने पुलिस टीम के साथ देवेंद्र उर्फ कालिया को मुरसान तिराहा से गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से एक तमंचा 315 बोर व एक जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद किए हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपित का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में युवक तमंचा के साथ दिखाई दे रहा था। उसके विरुद्ध कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया है।